जागरण टुडे, गुड्डू यादव, कासगंज।
जिले के पचलाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई है। गोशाला में कथित अव्यवस्था और लापरवाही के चलते कई गोवंशों की मौत का मामला सामने आया है। समाजवादी पार्टी के सांसद देवेश शाक्य और जिलाध्यक्ष विक्रम यादव ने मौके का निरीक्षण कर गंभीर आरोप लगाए हैं।
कासगंज जिले के पचलाना स्थित गोशाला से पशु क्रूरता और प्रशासनिक लापरवाही की गंभीर तस्वीर सामने आई है। यहां कई गोवंश मृत अवस्था में पाए गए, जबकि कई अन्य धूप में अधमरी हालत में तड़पते नजर आए। स्थानीय स्तर पर आरोप है कि गोशाला में लंबे समय से चारे और पानी की कमी बनी हुई थी, जिसके चलते गोवंशों की हालत लगातार बिगड़ती गई।
समाजवादी पार्टी के सांसद देवेश शाक्य और सपा जिलाध्यक्ष विक्रम यादव ने गोशाला का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई मृत गोवंश मिलने के साथ ही बड़ी संख्या में बीमार और कमजोर पशु जमीन पर पड़े मिले। इस दौरान उन्होंने पूरी व्यवस्था पर सवाल उठाए।
सांसद देवेश शाक्य ने इसे “हृदय विदारक घटना” बताते हुए आरोप लगाया कि गोवंशों के नाम पर बड़े स्तर पर अनियमितताएं और भ्रष्टाचार हो रहा है। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
वहीं, जिलाध्यक्ष विक्रम यादव ने प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि समय रहते उचित देखभाल और व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जातीं, तो इतनी बड़ी संख्या में गोवंशों की मौत नहीं होती। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि गोशाला में चारे का अभाव था और पशुओं के लिए मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं थीं।
इस पूरे मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जन आक्रोश भी देखने को मिल रहा है। स्थानीय लोग भी लंबे समय से गोशाला की बदहाल स्थिति की शिकायत करते रहे हैं।
फिलहाल, दोनों नेताओं ने शासन-प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग करते हुए पूरे मामले में निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। अब यह देखना अहम होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है।
सपा जिलाध्यक्ष का कहना
“मैं आज सांसद जी के साथ पचलाना गौशाला में पहुंचा। वहां की स्थिति बेहद भयावह थी। कई गायें मृत पड़ी थीं और जो जीवित थीं, वे भूख-प्यास से तड़प रही थीं। पशुओं को नोचा जा रहा था, चारे की कोई व्यवस्था नहीं थी। यह पूरी तरह से लापरवाही और भ्रष्टाचार का मामला है। हमने इसके वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए हैं और दोषियों पर कार्रवाई की मांग करते हैं।”
ये बोले सांसद
भारतीय जनता पार्टी गोवंश को लेकर सौदा कर रही है,। जो पचलाना में मैंने देखा, मुझे साफ़ लगता है गायों को लेकर सौदा कर रही है। जो स्थिति आज देखी है मैं चाहता हूं कि मीडिया भी बाहर जाकर देखें,। जब आप देखेंगे तो आपका हृदय को कष्ट होगा गाय हमारी माता है लेकिन माता जब इस तरह से है तो निश्चित तौर पर बुरा लगेगा जिस वजह दोषी है उनके खिलाफ कार्रवाई हो भारतीय जनता पार्टी अपने चेहरे और चरित्र को साफ करें आप यह समझ लीजिए जिंदा गए आंखें कौवे नोच रहे थे यह एक जगह नहीं देखा कई जगह हमने वीडियो बनाई है जिंदा गायों को जानवर नोंच नोंच कर खा रहे हैं, वहीं जिंदा गायों के कान काट लिए गये बीमा के चक्कर में।
“पचलाना गोशाला में जो स्थिति देखी, वह बेहद हृदय विदारक है। गोवंशों के साथ इस तरह की लापरवाही स्वीकार्य नहीं है। प्रथम दृष्टया यह गंभीर अनियमितताओं का मामला लगता है। मैं मांग करता हूं कि इस पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच हो और जो भी दोषी हों, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।”