पुष्टिमार्गीय संप्रदाय के प्रसिद्ध ठाकुर द्वारकाधीश मंदिर में वैशाख मास के कृष्ण पक्ष की सप्तमी के अवसर पर भव्य ‘फूल बंगला’ सजाकर श्रद्धा और भक्ति का अनूठा दृश्य प्रस्तुत किया गया। इस विशेष आयोजन में ठाकुर जी को आकर्षक फूलों से सुसज्जित बंगले में विराजमान कराया गया, जहां उन्होंने भक्तों को मनोहारी दर्शन दिए।
मंदिर के मीडिया प्रभारी राकेश तिवारी एडवोकेट ने जानकारी देते हुए बताया कि यह विशेष मनोरथ अनंत अंबानी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया। मंदिर के गोस्वामी श्री 108 डॉ. वागीश कुमार जी महाराज की आज्ञा से आयोजित इस कार्यक्रम में भक्ति और उत्साह का विशेष माहौल देखने को मिला। महाराज श्री ने अनंत अंबानी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और दीर्घायु की कामना की तथा अंबानी परिवार की ठाकुर जी के प्रति गहरी आस्था की सराहना की।
फूल बंगले की सजावट के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से उच्च गुणवत्ता वाले फूल मंगाए गए थे। कुशल कारीगरों ने इन फूलों से अत्यंत सुंदर और भव्य बंगला तैयार किया, जिसकी मनोहारी छटा देखकर मंदिर में उपस्थित श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। पूरा मंदिर परिसर फूलों की सुगंध और भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।
इस अवसर पर अनंत अंबानी के प्रतिनिधि के रूप में मुंबई से आए बल्लभ चतुर्वेदी ने ठाकुर जी के दर्शन कर उनके लिए दीर्घायु और सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर प्रशासन की ओर से उनका पारंपरिक तरीके से दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया गया।
मीडिया प्रभारी ने कहा कि भले ही अनंत अंबानी अपना जन्मदिन कहीं भी मनाएं, लेकिन ठाकुर द्वारकाधीश के प्रति उनकी आस्था और समर्पण अत्यंत सराहनीय है। मंदिर परिवार ने उनके उज्ज्वल जीवन की कामना करते हुए आशा व्यक्त की कि वे शीघ्र ही स्वयं मंदिर आकर दर्शन करेंगे।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य सहदेव कृष्ण चतुर्वेदी, वैद्य अशोक कुमार शर्मा, सत्यनारायण शर्मा सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।