Sunday, April 19, 2026

मथुरा न्यूज: चौरासी कोस परिक्रमा मार्ग को गड्ढामुक्त बनाया जाए

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: April 9, 2026

मथुरा न्यूज: चौरासी कोस परिक्रमा मार्ग को गड्ढामुक्त बनाया जाए

मंडलायुक्त ने बैठक में लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को दिए निर्देश

जागरण टुडे, आगरा

बृज चौरासी कोस परिक्रमा मार्ग को लेकर मण्डलायुक्त  नगेन्द्र प्रताप की अध्यक्षता में आयुक्त कार्यालय के लघु सभागार में लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी अधि मास के दौरान होने वाली परिक्रमा को ध्यान में रखते हुए तैयारियों की समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।

बैठक में अधिकारियों ने जानकारी दी कि इस वर्ष बृज चौरासी कोस परिक्रमा 17 मई से 15 जून के बीच प्रस्तावित है। यह धार्मिक परिक्रमा उत्तर प्रदेश, राजस्थान और हरियाणा से होकर गुजरती है। जनपद मथुरा और अलीगढ़ से होकर गुजरने वाला करीब 137 किलोमीटर लंबा मार्ग पीडब्ल्यूडी के अंतर्गत आता है, जिसमें मथुरा का 112 किमी और अलीगढ़ का 25 किमी हिस्सा शामिल है।

मण्डलायुक्त ने निर्देश दिए कि परिक्रमा मार्ग का तत्काल सर्वे कराया जाए और जहां-जहां सड़कें खराब हैं, वहां गड्ढामुक्त करने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए। इसके साथ ही सड़क अनुरक्षण, पैच मरम्मत, पटरियों की सफाई और सुधार कार्य भी शीघ्र कराए जाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी तैयारियां समय से पूरी की जाएं।

इसके अतिरिक्त मण्डलायुक्त ने परिक्रमा मार्ग के स्थायी समाधान पर भी जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मार्ग को पूर्ण विकसित बनाने के लिए चौड़ीकरण की योजना तैयार की जाए, आवश्यकतानुसार भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू की जाए और निर्माण कार्य की लागत का आकलन प्रस्तुत किया जाए।

उन्होंने कहा कि परिक्रमा मार्ग पर स्थित पड़ाव स्थलों पर जनसुविधाओं का विकास किया जाए, जिसमें पेयजल, शौचालय, विश्राम स्थल और अन्य आवश्यक सेवाएं शामिल हों। बैठक में स्पष्ट किया गया कि यह कार्य श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्राथमिकता से पूरे किए जाएं।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.