धामपुर बायो ऑर्गेनिक्स लिमिटेड, इकाई मीरगंज(बरेली) के अंतर्गत व्यापक क्षेत्रीय भ्रमण कर गन्ना फसलों का निरीक्षण किया गया। इस संयुक्त निरीक्षण में पद्मश्री डॉ. बख्शीराम, मुख्य कार्यकारी अधिकारी चारु कोहरवाल, उपाध्यक्ष सरबजीत सैनी, महाप्रबंधक (मानव संसाधन एवं प्रशासन) अरविन्द गंगवार, वरिष्ठ प्रबंधक (गन्ना) अंग्रेज सिंह, रतीराम सिंह सहित जोनल इंचार्ज एवं गन्ना सुपरवाइजर शामिल रहे।
टीम ने चीनी मिल गेट क्षेत्र के साथ-साथ बाह्य क्रय केंद्रों के अंतर्गत चितौली, पटवईया, अहलादपुर, अब्दुल्लापुर माफी, कोडमपुर, नौआ नगला, अग्रास, कुड़का, नगरिया सोवरनी, डेलपुर, पिपोली, सुकटिया, भगौरा कमालपुर, बुडासी, ढकिया, सिल्लापुर, सिधौली, सजरपुर, परौरा, देवसास, हल्दी, नथपुरा एवं मीरगंज बर्नया गांवों का दौरा किया।
भ्रमण के दौरान पेड़ी, शरदकालीन एवं बसंतकालीन गन्ना फसलों का गहन निरीक्षण किया गया। साथ ही कीट, रोग एवं अन्य बीमारियों की स्थिति का आकलन किया गया। निरीक्षण में अधिकांश क्षेत्रों में फसल की स्थिति संतोषजनक पाई गई, जिससे किसानों में उत्साह देखा गया।इस अवसर पर पद्मश्री डॉ. बख्शीराम ने किसानों को गन्ना फसल में लगने वाले रोगों की रोकथाम, उन्नत प्रबंधन एवं उत्पादन बढ़ाने के वैज्ञानिक तरीकों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने समय पर दवा का प्रयोग, संतुलित उर्वरक प्रबंधन एवं नियमित निगरानी पर विशेष जोर दिया।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी चारु कोहरवाल ने किसानों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने किसानों को अधिक से अधिक गन्ना बुवाई करने, आधुनिक तकनीकों को अपनाने और उत्पादन बढ़ाकर बेहतर आय अर्जित करने के लिए प्रेरित किया।
किसानों ने भी आश्वासन दिया कि वे वैज्ञानिक सलाह के अनुसार फसल की देखभाल करेंगे और समय-समय पर आवश्यक उपचार अपनाएंगे।