Sunday, April 19, 2026

KASGANJ NEWS कासगंज में मदिरा दुकानों के लिए ई-लॉटरी का द्वितीय चरण सम्पन्न, 10 दुकानों का हुआ सफल आवंटन

लेखक: Guddu Yadav | Category: उत्तर प्रदेश | Published: April 9, 2026

KASGANJ NEWS कासगंज में मदिरा दुकानों के लिए ई-लॉटरी का द्वितीय चरण सम्पन्न, 10 दुकानों का हुआ सफल आवंटन


जागरण टुडे, कासगंज।

कलेक्ट्रेट परिसर स्थित रुद्राक्ष सभागार में आबकारी विभाग द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए मदिरा दुकानों के व्यवस्थापन हेतु ई-लॉटरी के द्वितीय चरण का सफल आयोजन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में आवेदकों की उपस्थिति में पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से सम्पन्न कराया गया।

आबकारी विभाग द्वारा आयोजित इस ई-लॉटरी में कुल 14 मदिरा दुकानों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए थे। इनमें से 11 दुकानों के लिए 421 आवेदकों द्वारा कुल 568 आवेदन प्राप्त हुए। आवेदनों की गहन जांच के दौरान एक आवेदन को अवैध पाए जाने पर निरस्त कर दिया गया, जबकि शेष 567 वैध आवेदनों को लॉटरी प्रक्रिया में शामिल किया गया।




ई-लॉटरी की प्रक्रिया को निष्पक्ष रूप से संचालित करने के लिए एक उच्चस्तरीय समिति का गठन किया गया था। इस समिति में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), अपर पुलिस अधीक्षक, जिला आबकारी अधिकारी तथा शासन द्वारा नामित सदस्य के रूप में सहायक आबकारी आयुक्त (अलीगढ़ प्रभार) शामिल रहे। समिति के सदस्यों की मौजूदगी में पूरी प्रक्रिया को विधिवत संपन्न कराया गया।

जिला सूचना विज्ञान अधिकारी की टीम द्वारा विकसित और संचालित ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से यह ई-लॉटरी प्रक्रिया सैकड़ों आवेदकों के सामने लाइव सम्पन्न हुई। इससे प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता सुनिश्चित हुई।

लॉटरी के माध्यम से एक कंपोजिट शॉप सहित कुल 10 देशी मदिरा दुकानों का सफलतापूर्वक आवंटन किया गया। इन दुकानों में शासन की मंशा के अनुरूप नवसृजित 10 नई दुकानों को भी शामिल किया गया, जिन्हें जिलाधिकारी कासगंज के निर्देश पर स्थापित किया गया था।

प्रशासन ने पूरी प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। यही कारण रहा कि लॉटरी प्रक्रिया के दौरान उपस्थित आवेदकों में संतोष और विश्वास देखने को मिला। इस आयोजन को सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में प्रशासनिक अधिकारियों और तकनीकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.