जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
आगामी डा. भीमराव अंबेडकर जयंती के दृष्टिगत कोतवाली गंजडुंडवारा परिसर में क्षेत्राधिकारी (सीओ) पटियाली संदीप वर्मा की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य 14 अप्रैल को होने वाले कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना रहा।
बैठक में क्षेत्र के ग्राम प्रधानों, प्रबुद्ध जनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों को आमंत्रित किया गया। इस दौरान सीओ संदीप वर्मा ने कहा कि अंबेडकर जयंती सामाजिक समरसता और समानता का प्रतीक है, जिसे सभी लोग आपसी भाईचारे के साथ मनाएं और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना अनुमति कोई भी जुलूस या कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जाएगा तथा सभी आयोजनों को पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा। जुलूस निर्धारित मार्ग से ही निकाले जाएंगे और मार्ग में किसी प्रकार का परिवर्तन स्वीकार नहीं किया जाएगा। डीजे एवं लाउडस्पीकर का प्रयोग शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप ही किया जाएगा।
बैठक के दौरान सीओ संदीप वर्मा ने यह भी निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार के भड़काऊ भाषण, आपत्तिजनक पोस्टर, बैनर या नारेबाजी पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वही कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने में आमजन से सहयोग की अपील की गई।
सीओ संदीप वर्मा ने बताया कि संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा तथा पूरे क्षेत्र में सतर्क निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने उपस्थित लोगों से कहा कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या विवाद की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें।
बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया और क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने का संकल्प लिया।