-एमएसपी 2585 रुपये प्रति कुंतल तय, पंजीकरण के बाद ही होगी खरीद
जागरण टुडे, राहुल गुप्ता कासगंज।
जिले के पटियाली कस्बे में रबी विपणन वर्ष 2026-27 के लिए गेहूं खरीद प्रक्रिया का विधिवत शुभारंभ कर दिया गया। गंजडुंडवारा रोड स्थित गेहूं क्रय केंद्र पर गुरुवार को वरिष्ठ विपणन निरीक्षक (SMI) की मौजूदगी में खरीददारी शुरू हुई।
खरीद प्रक्रिया की शुरुआत एक महिला किसान से गेहूं खरीदकर की गई, जो इस अभियान का प्रतीकात्मक और प्रेरणादायक आगाज माना जा रहा है। महिला किसान से पहली खरीद के बाद केंद्र पर मौजूद अन्य किसानों में भी उत्साह देखने को मिला और उन्होंने अपनी उपज बेचने के लिए पंजीकरण प्रक्रिया में रुचि दिखाई।
केंद्र प्रभारी पुष्पेंद्र कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि सरकार द्वारा इस वर्ष गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) 2585 रुपये प्रति कुंतल निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना सरकार की प्राथमिकता है और इसी उद्देश्य से सभी क्रय केंद्रों पर बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि केंद्र पर तौल, भंडारण और भुगतान से जुड़ी सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। इसके साथ ही केंद्र पर पारदर्शी खरीद प्रक्रिया को सुनिश्चित करने के लिए अधिकारियों की नियमित निगरानी भी की जा रही है।
केंद्र प्रभारी ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि गेहूं बेचने से पहले अपना पंजीकरण अवश्य करा लें। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना पंजीकरण के किसी भी किसान की उपज की खरीद नहीं की जाएगी। साथ ही किसानों को क्रय केंद्र पर आते समय अपनी फॉर्मर आईडी साथ लाने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन की ओर से यह भी सुनिश्चित किया गया है कि किसानों को समय पर भुगतान किया जाए और पूरी प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो। गेहूं खरीद शुरू होने से क्षेत्र के किसानों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है और वे अपनी उपज को उचित मूल्य पर बेच सकेंगे।