Sunday, April 19, 2026

KASGANJ NEWS कैंटर में घुसी बाइक, युवक की मौत, दो गंभीर घायल

लेखक: Guddu Yadav | Category: उत्तर प्रदेश | Published: April 9, 2026

KASGANJ NEWS कैंटर में घुसी बाइक, युवक की मौत, दो गंभीर घायल

जागरण टुडे, कासगंज।

जिले के अमापुर थाना क्षेत्र में बुधवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। शाम करीब आठ बजे लखमीपुर गांव के पास सड़क किनारे खड़े एक पंचर कैंटर से बाइक सवार तीन युवक पीछे से टकरा गए। हादसा इतना भीषण था कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, देवरी गांव निवासी स्वदेश (28), पुत्र राजेंद्र, अपने साथियों विकास (22), पुत्र सोनी लाल और आदेश (23), पुत्र रवेंद्र के साथ अमापुर क्षेत्र में लेंटर का काम करने के बाद बाइक से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान लखमीपुर गांव के समीप सड़क पर खड़े टमाटरों से भरे पंचर कैंटर से उनकी बाइक अचानक टकरा गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कैंटर सड़क किनारे खड़ा था, लेकिन अंधेरा होने और पर्याप्त संकेत न होने के कारण बाइक सवार युवकों को वाहन दिखाई नहीं दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्वदेश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि विकास और आदेश गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं घायल दोनों युवकों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। वर्तमान में दोनों का इलाज जारी है।

मृतक स्वदेश के भाई सुनील ने बताया कि स्वदेश चार भाइयों में सबसे छोटा था। परिवार में बड़े भाई बबलू (40), ब्रह्मप्रकाश (37), सुनील (34) और मां मुन्नी देवी हैं। स्वदेश की अचानक मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मां और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क किनारे खड़े वाहनों के लिए उचित संकेत और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों से बचा जा सके।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.