जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
विकास खंड सिढपुरा के ग्राम धनसिंगपुर में किसानों को फार्मर रजिस्ट्री के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। खंड विकास अधिकारी श्रेति गर्ग के नेतृत्व में क्षेत्रीय लेखपाल नरेंद्र वर्मा एवं टीएसी आलोक यादव ने गांव की गलियों में भ्रमण कर किसानों से सीधे संवाद किया और उन्हें फार्मर रजिस्ट्री बनवाने के लिए प्रेरित किया।
अधिकारियों ने किसानों को बताया कि फार्मर रजिस्ट्री भविष्य में किसान आईडी के रूप में कार्य करेगी, जिसके माध्यम से किसान सम्मान निधि, फसल बीमा, पेंशन, कृषि ऋण, खाद एवं बीज जैसी सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से प्राप्त किया जा सकेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि फार्मर रजिस्ट्री होने पर फर्द आदि दस्तावेजों की आवश्यकता भी नहीं पड़ेगी।
इस दौरान किसानों से अपील की गई कि वे जल्द से जल्द अपनी फार्मर रजिस्ट्री बनवाएं। साथ ही यह भी बताया गया कि तहसील स्तर पर तैनात कर्मचारी इस कार्य में किसानों की मदद कर रहे हैं। जो किसान बाहर रहते हैं, वे लोकवाणी केंद्र के माध्यम से भी अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।
अभियान के दौरान गांव में कुल 10 किसानों की फार्मर रजिस्ट्री तैयार की गई।