Sunday, April 19, 2026

मथुरा न्यूज: हेरिटेज व लैंडस्केपिंग से ब्रज विकास को मिलेगा नया आयाम

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: April 8, 2026

मथुरा न्यूज: हेरिटेज व लैंडस्केपिंग से ब्रज विकास को मिलेगा नया आयाम

मंडलायुक्त की अध्यक्षता में हुई बैठक में CSR संस्थाओं ने दिए प्रस्ताव

जागरण टुडे, मथुरा

उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद अब जनसहभागिता के माध्यम से ब्रज विकास कार्यों को नई गति देने जा रहा है। परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र की उपस्थिति में ब्रज क्षेत्र के समग्र विकास को लेकर विभिन्न संस्थाओं एवं उनके प्रतिनिधियों के साथ CSR फंड के अंतर्गत प्रस्तावित कार्यों पर महत्वपूर्ण बैठक  मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप की अध्यक्षता में आयोजित की गई।

बैठक में ब्रज क्षेत्र में श्रद्धालुओं की सुविधाओं के विस्तार, पेयजल व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता अभियान, कुंडों के जीर्णोद्धार, तीर्थ स्थलों के सौंदर्यीकरण तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास से जुड़े प्रस्ताव रखे गए। मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप ने नगर आयुक्त जग प्रवेश, डीएफओ वी.सी. पटेल सहित संबंधित विभागों एवं संस्थाओं को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सूचीबद्ध कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र प्रारंभ किया जाए, ताकि ब्रज के विकास को गति मिल सके। ब्रज की धार्मिक एवं पर्यटन महत्ता को देखते हुए आधारभूत सुविधाओं का सुदृढ़ होना अत्यंत आवश्यक है।

मुख्य अतिथि शैलजाकांत मिश्र ने कहा कि ब्रज भगवान श्रीकृष्ण की जन्म एवं लीला स्थली है। इसके विकास के लिए मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में गठित परिषद के कार्यों में जनसहभागिता अत्यंत आवश्यक है। बिना जनसहभागिता के कोई भी योजना सफल नहीं हो सकती। उन्होंने सभी संस्थाओं से सेवा भाव के साथ ब्रज विकास कार्यों से जुड़ने का आह्वान किया।

बैठक का संचालन पर्यावरण विशेषज्ञ मुकेश शर्मा ने किया। इस दौरान डिप्टी सीईओ सतीश चंद्र, चीफ इंजीनियर आर.पी. राणा, अनीता उकरानी, सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता राकेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

संस्थाओं ने दिए प्रमुख प्रस्ताव..

बैठक में विभिन्न संस्थाओं ने ब्रज विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव प्रस्तुत किए। हैदराबाद की हार्टफुलनेस फाउंडेशन के प्रतिनिधि संजय सहगल, श्रीनिवास, सुधा किरण एवं चित्रा श्रीवास्तव ने 6 कुंडों के पुनरुद्धार, जल संरक्षण, घाटों के विकास और तीर्थ स्थलों पर जनसुविधाएं बढ़ाने का प्रस्ताव रखा।

अहमदाबाद के प्रांजिवन भगवानदास पोपट चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रतिनिधि फाल्गुन खंडेलवाल ने गोवर्धन, विश्राम घाट और दाऊजी घाट सहित विभिन्न स्थलों पर पेयजल डिस्पेंसर एवं यात्री सुविधाएं विकसित करने की योजना प्रस्तुत की। इन्फिनिटी ग्रुप, अहमदाबाद के रविंद्र चमड़िया एवं रवि शंकर ने छटीकरा-जमुनावता मार्ग पर 6 बसें दान स्वरूप देने का प्रस्ताव दिया। मुंबई के नारायण अग्रवाल ने ब्रज की गौशालाओं के सुधार की बात रखी।

एम3एम फाउंडेशन, गुरुग्राम की प्रतिनिधि सुप्रिया यादव ने परिषद की परियोजनाओं में सोलर लाइट एवं सीसीटीवी कैमरे लगाने का प्रस्ताव दिया। एमएलसी लक्ष्मीकांत बाजपेयी के प्रतिनिधि डॉ. डी.पी. गोयल और रविंद्र पांडेय ने श्रद्धालुओं के लिए इलेक्ट्रिक वाहन उपलब्ध कराने का सुझाव दिया।

लिविंग पीस प्रोजेक्ट फाउंडेशन इंडिया के विकास चतुर्वेदी एवं ब्रिगेट वैन वेरन ने 2 कुंडों के पुनरुद्धार का प्रस्ताव रखा, वहीं रिलायंस फाउंडेशन, मुंबई द्वारा 2 कुंडों के जीर्णोद्धार और गोवर्धन परिक्रमा मार्ग के संरक्षण से जुड़े कार्यों में सहयोग की पेशकश की गई।

इसके अतिरिक्त सामर्थ्य देव कनेक्ट एलपीपी, चैतन्य हेल्थ केयर ट्रस्ट, मुंबई, अमेतत्यमा चैरिटेबल ट्रस्ट, रमेश चंद्रू हिस्टोरिका सहित अन्य संस्थाओं ने भी कुंडों के पुनर्जीवन, जल संरक्षण, स्मार्ट क्लास, घाटों के सौंदर्यीकरण एवं विभिन्न जनसुविधा कार्यों से जुड़े प्रस्ताव प्रस्तुत किए।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.