जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
गंजडुंडवारा कोतवाली क्षेत्र के गांव नगला नारायण में पुरानी रंजिश के चलते युवक पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए फरार चल रहे आरोपी राहुल को भी गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही इस मामले में नामजद सभी आरोपी अब पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।
क्या है पूरा मामला
घटना शुक्रवार रात की है, जब 27 वर्षीय विजितेंद्र पुत्र अतर सिंह घर के बाहर टहल रहा था। तभी गांव का ही जगमोहन उर्फ राजकुमार अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और उस पर फायरिंग कर दी। गोली युवक के सिर में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजन उसे तत्काल अस्पताल ले गए, जहां से हालत नाजुक होने पर अलीगढ़ रेफर कर दिया गया।
प्लॉट विवाद बना वजह
जांच में सामने आया कि प्लॉट को लेकर पुरानी रंजिश के चलते इस घटना को अंजाम दिया गया। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने जगमोहन उर्फ राजकुमार, राहुल, सुरेश चंद्र और रामसेवक के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज किया था।
पुलिस की लगातार कार्रवाई
इस मामले में पुलिस पहले ही मुख्य आरोपी जगमोहन उर्फ राजकुमार को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी। इसके बाद सुरेश चंद्र और रामसेवक को भी गिरफ्तार कर लिया गया था।
अब पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के तहत क्षेत्राधिकारी पटियाली संदीप वर्मा के नेतृत्व में थाना गंजडुंडवारा पुलिस ने फरार आरोपी राहुल पुत्र मेघसिंह निवासी नगला नारायण को 07 अप्रैल की देर शाम ग्राम मोतीनगर जाने वाले मोड़ से गिरफ्तार कर लिया।
जेल भेजा गया आरोपी
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तारी प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा की गई।
इस कार्रवाई के साथ ही पुलिस ने मामले के सभी नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है।