जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
जनपद के जिला अस्पताल से एक बेहद पीड़ादायक और झकझोर देने वाला मामला सामने आया है, जिसने स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की संवेदनहीनता को उजागर कर दिया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में एक मरीज अस्पताल के मुख्य गेट पर जमीन पर असहाय अवस्था में पड़ा हुआ दिखाई दे रहा है।
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि मरीज के हाथ में इंट्राकैथ लगी हुई है, लेकिन उसकी देखरेख के लिए न तो कोई डॉक्टर मौजूद है और न ही कोई स्वास्थ्यकर्मी। हालत यह है कि मरीज जमीन पर पड़ा तड़प रहा है और उसे मच्छर काट रहे हैं, जबकि आसपास मौजूद लोग बेबस होकर यह मंजर देख रहे हैं।
यह दृश्य न सिर्फ मानवता को शर्मसार करता है, बल्कि अस्पताल प्रशासन की गंभीर लापरवाही को भी उजागर करता है।
वही घटना सामने आने के बाद लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. संजीव सक्सैना ने बताया कि वीडियो कब का है, इसकी अभी पुष्टि नहीं हो सकी है, पूरे मामले को गंभीरत से लेते हुए जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और स्वास्थ्य व्यवस्था पर एक बड़ा सवाल खड़ा कर रहा है कि क्या मरीजों की जिंदगी की कोई कीमत नहीं।