जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
जनपद में बिना मान्यता संचालित विद्यालयों के खिलाफ शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। जिला विद्यालय निरीक्षक जगदीश चंद्र शुक्ल के निर्देश पर किए गए औचक निरीक्षण में दो विद्यालय अवैध रूप से संचालित पाए गए, जिनमें से एक को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।
खंड शिक्षा अधिकारी सोरों के साथ संयुक्त टीम ने रानी अवंतीबाई आदर्श विद्या मंदिर, नगला सुर्जी (सोरों) का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान यहां कक्षा 6 तक की पढ़ाई संचालित होती मिली, लेकिन विद्यालय के पास मान्यता संबंधी कोई वैध दस्तावेज उपलब्ध नहीं था। विद्यालय प्रशासन आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने में असफल रहा।
इसके बाद टीम ने श्री नौवत राम सुमन देवी ज्ञान विद्या मंदिर, नगला सुर्जी का निरीक्षण किया, जहां कक्षा 10 तक की कक्षाएं संचालित पाई गईं। जांच में सामने आया कि विद्यालय के पास मान्यता नहीं है और कक्षाएं शारदा देवी मेमोरियल पब्लिक स्कूल, देवीलालपुर के नाम से चलाई जा रही थीं। गंभीर अनियमितता पाए जाने पर विद्यालय को तत्काल सील कर दिया गया तथा उसकी चाबी खंड शिक्षा अधिकारी को सौंप दी गई।
जिला विद्यालय निरीक्षक जगदीश चंद्र शुक्ल ने संबंधित विद्यालय प्रबंधकों एवं प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया है कि वे दो दिन के भीतर साक्ष्यों सहित अपना लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें। वहीं खंड शिक्षा अधिकारी सोरों से भी जवाब तलब किया गया है कि उनके क्षेत्र में अवैध विद्यालय कैसे संचालित हो रहे थे।
विभाग ने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं कि सभी छात्र-छात्राओं का प्रवेश मान्यता प्राप्त विद्यालयों में कराया जाए, ताकि उनकी शिक्षा प्रभावित न हो।
शिक्षा विभाग की इस कार्रवाई से जनपद में अवैध रूप से संचालित विद्यालयों पर कड़ा संदेश गया है।