Sunday, April 19, 2026

KASGANJ NEWS कासगंज: कब्रिस्तान में फंदे से लटका मिला युवक का शव, आत्महत्या या हत्या—जांच में जुटी पुलिस

लेखक: Guddu Yadav | Category: उत्तर प्रदेश | Published: April 7, 2026

 KASGANJ NEWS कासगंज: कब्रिस्तान में फंदे से लटका मिला युवक का शव, आत्महत्या या हत्या—जांच में जुटी पुलिस

जागरण टुडे नगरियां, सोरों /कासगंज।

जनपद के मानपुर नगरिया क्षेत्र के नगला पटिया के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब शुक्रवार सुबह खेतों की ओर गए ग्रामीणों ने कब्रिस्तान में एक युवक का शव फंदे से लटका देखा। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी बलबीर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद कोतवाली प्रभारी लोकेश भाटी भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने तत्काल फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया, जिसने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। आसपास के लोगों से पूछताछ कर मृतक की पहचान करने का प्रयास किया गया।

जांच के दौरान युवक के पास से मिले आधार कार्ड के आधार पर उसकी पहचान गुड्डू (लगभग 50 वर्ष) निवासी यादव नगर मोहल्ला, मानपुर नगरिया के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि मृतक एक झोलाछाप डॉक्टर था। उसके परिवार में पत्नी शबनम, एक बेटी सीमा (16 वर्ष) और बेटा कौशल (14 वर्ष) सहित कुल चार सदस्य हैं।

परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, गुड्डू पिछले कुछ दिनों से अपने वोट कटने की आशंका को लेकर काफी परेशान था। वह लगातार इस समस्या के समाधान के लिए विभिन्न कार्यालयों के चक्कर लगा रहा था। शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे वह घर से निकला था, जिसके बाद उसका शव कब्रिस्तान में मिला।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मामला आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की गंभीरता को देखते हुए हर एंगल से जांच जारी है।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.