जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
कोतवाली गंजडुंडवारा क्षेत्र के गांव नगला नारायण में पुरानी रंजिश के चलते युवक को गोली मारने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए दो और वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले मुख्य आरोपी को जेल भेजा जा चुका है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
क्या है पूरा मामला
विगत शुक्रवार की रात 27 वर्षीय विजितेंद्र पुत्र अतर सिंह गांव में घर के बाहर टहल रहा था।तभी गांव का ही जगमोहन उर्फ राजकुमार अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और उस पर फायरिंग कर दी। गोली युवक के सिर में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे तत्काल अस्पताल ले गए, जहां से हालत नाजुक होने पर अलीगढ़ रेफर कर दिया गया।
घटना के पीछे प्लॉट को लेकर पुरानी रंजिश सामने आई है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने जगमोहन, राहुल, सुरेश चंद्र और रामसेवक के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज किया था।
अब इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार के पर्यवेक्षण में चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना गंजडुंडवारा पुलिस ने वांछित अभियुक्त सुरेश चंद्र व रामसेवक को अल्हैपुर नहर पुलिया के पास बने यात्री शेड से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा की गई।
पुलिस के अनुसार, घटना के मुख्य आरोपी जगमोहन उर्फ राजकुमार को पूर्व में ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। वही गिरफ्तार अभियुक्तों सुरेश चंद्र व रामसेवक को वैधानिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया। जिसके बाद उन्हे न्यायिक अभिरक्षा मे भेज दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी राहुल की तलाश जारी है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।