ओमकार गंगवार, मीरगंज (बरेली)
जनपद बरेली की मीरगंज तहसील में शासन द्वारा नामित नगर पंचायतों के सभासदों को उपजिलाधिकारी आलोक कुमार द्वारा पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।यह शपथ ग्रहण समारोह मीरगंज, फतेहगंज पश्चिमी, शाही और शीशगढ़ नगर पंचायतों के लिए आयोजित किया गया, जिसमें क्षेत्रीय विधायक डॉ. डीसी वर्मा सहित भारतीय जनता पार्टी के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में नगर पंचायत मीरगंज के अध्यक्ष योगेंद्र कुमार गुप्ता (मुन्ना बाबू), भाजपा नेता संजय चौहान, ओमपाल गंगवार समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।शपथ ग्रहण के दौरान सभी नामित सभासदों ने ईमानदारी और निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का संकल्प लिया। मीरगंज से गीता गुप्ता, क्रांति सिंह भदौरिया, उमेश पाल; शाही से शिवम शर्मा, रमेश कश्यप, हरीराम चंद्रा; शीशगढ़ से अरविंद कुमार, तिर्मल सिंह राठौर, विनोद देवल तथा फतेहगंज पश्चिमी से महेंद्र मोर्य, फूलचंद जाटव और धर्मवीर सिंह ने संयुक्त रूप से पार्टी के विश्वास पर खरा उतरने की बात कही।
सभासदों ने कहा कि वे सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ क्षेत्र की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाएंगे। उन्होंने स्वच्छता, पेयजल, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का भी आश्वासन दिया।कार्यक्रम के अंत में सभी जनप्रतिनिधियों ने एकजुट होकर क्षेत्र के समग्र विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।