जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
जनपद में संचालित सभी शैक्षणिक संस्थानों के लिए प्रशासन ने एक बार फिर सख्त निर्देश जारी किए हैं। संबंधित अधिकारी रेनू गौड़ ने स्पष्ट कहा है कि विद्यालयों में केवल एनसीईआरटी की निर्धारित पाठ्यपुस्तकों का ही उपयोग किया जाए, अन्य किसी भी निजी प्रकाशन की पुस्तकें स्वीकार्य नहीं होंगी।
उन्होंने बताया कि शासन द्वारा पहले ही इस संबंध में दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं, बावजूद इसके कुछ विद्यालय अभी भी मनमाने तरीके से अन्य पुस्तकों का प्रयोग कर रहे हैं। यह नियमों का सीधा उल्लंघन है और इसे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
रेनू गौड़ ने सभी विद्यालय प्रबंधन को चेतावनी देते हुए कहा कि एनसीईआरटी के अतिरिक्त किसी भी अन्य पाठ्य सामग्री का उपयोग तत्काल प्रभाव से बंद किया जाए। साथ ही शासन के आदेशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि किसी विद्यालय में अनियमितता पाई जाती है, तो संबंधित संस्थान के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
अंत में उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य बच्चों का सर्वांगीण विकास है, न कि आर्थिक लाभ कमाना। इसलिए सभी स्कूल विद्यार्थियों के हित को सर्वोपरि रखते हुए नियमों का पालन करें।