जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
जिलाधिकारी प्रणय सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में गेहूं खरीद को लेकर प्रशिक्षण/कार्यशाला का आयोजन किया गया। बैठक में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) मंजूर अहमद सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और क्रय केंद्र प्रभारी मौजूद रहे।
बैठक में जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने जानकारी दी कि जनपद में गेहूं खरीद का लक्ष्य 26,500 मीट्रिक टन निर्धारित किया गया है। रबी विपणन वर्ष 2025-26 के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य 2425 रुपये प्रति कुंतल तथा वर्ष 2026-27 के लिए 2585 रुपये प्रति कुंतल तय किया गया है। जिले में कुल 43 क्रय केंद्र स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें खाद्य विभाग के 13, पीसीएफ के 27, मंडी समिति का 1 और भारतीय खाद्य निगम के 2 केंद्र शामिल हैं।
जिलाधिकारी ने समीक्षा के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण कर भौतिक सत्यापन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने गल्ला व्यापारियों को किसानों के साथ अच्छा व्यवहार करने और गेहूं की तौल पूरी ईमानदारी से करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि सभी केंद्रों पर बैनर सही स्थान पर लगाए जाएं और प्रत्येक क्रय केंद्र प्रभारी किसान संपर्क रजिस्टर अनिवार्य रूप से बनाए, जिसमें किसानों से संपर्क का पूरा विवरण दर्ज हो।
मंडी सचिवो को निर्देशित किया गया कि सभी केंद्रों पर आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी प्रणय सिंह ने स्पष्ट कहा कि सभी क्रय केंद्र प्रभारी अपने निर्धारित लक्ष्य के अनुसार किसानों से संपर्क कर तेजी से गेहूं खरीद करें, ताकि जनपद को मिले लक्ष्य की समय पर पूर्ति हो सके।
इस अवसर पर जिला पूर्ति अधिकारी, खाद्य एवं विपणन विभाग के अधिकारी, मंडी सचिव सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।