Sunday, April 19, 2026

संचारी रोग नियंत्रण अभियान: सिढ़पुरा में स्वास्थ्य विभाग का विशेष प्रशिक्षण, जागरूकता पर दिया जोर

लेखक: udit kumar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: April 6, 2026

संचारी रोग नियंत्रण अभियान: सिढ़पुरा में स्वास्थ्य विभाग का विशेष प्रशिक्षण, जागरूकता पर दिया जोर

जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)

सिढ़पुरा बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय में सोमवार को संचारी रोगों की रोकथाम एवं बचाव को लेकर एक विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव कुमार अग्रवाल के निर्देशानुसार संपन्न हुआ।

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिढ़पुरा के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार गौतम ने अपने नेतृत्व में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया। इस दौरान आंगनवाड़ी सुपरवाइज़र लालती देवी के सहयोग से स्वास्थ्य पर्यवेक्षक आकाश द्वारा संचारी रोगों से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई।

डॉ. प्रदीप गौतम ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी 1 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य मलेरिया, डेंगू जैसे रोगों के प्रति लोगों को जागरूक करना और उनके बचाव के उपाय बताना है।

उन्होंने बताया कि इन बीमारियों का मुख्य कारण मच्छर होते हैं, इसलिए बचाव के लिए कुछ जरूरी सावधानियां अपनाना बेहद आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अपील की कि घरों में दरवाजों और खिड़कियों पर जाली लगाएं, नियमित मच्छरदानी का उपयोग करें, मच्छररोधी साधनों जैसे कॉइल व लिक्विड का प्रयोग करें और आसपास पानी जमा न होने दें। साथ ही कूलर व फ्रिज की नियमित सफाई और पूरे बाजू के कपड़े पहनने की भी सलाह दी।

डॉ. प्रदीप गौतम ने यह भी कहा कि यदि किसी को बुखार आता है तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जाकर जांच कराएं और बिना चिकित्सकीय सलाह के कोई दवा न लें। साथ ही नारियल पानी, शिकंजी और फलों के रस जैसे तरल पदार्थों का सेवन करने की सलाह दी।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में डॉ. प्रदीप कुमार गौतम, लिपिक प्रमोद चौहान, स्वास्थ्य पर्यवेक्षक आकाश, आंगनवाड़ी सुपरवाइज़र लालती देवी सहित बड़ी संख्या में आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां मौजूद रहीं।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.