जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
जनपद में सड़क सुरक्षा को लेकर कासगंज पुलिस पूरी तरह सख्त नजर आ रही है। पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह के निर्देशन में 3 से 5 अप्रैल तक चलाए जा रहे विशेष यातायात अभियान के तहत शनिवार को सहावर कस्बे में सघन वाहन चेकिंग की गई।
अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ व्यापक कार्रवाई की गई। पुलिस ने क्षमता से अधिक सवारी बैठाने, गलत दिशा में वाहन चलाने, बिना फिटनेस वाहन संचालन, हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग न करने, मॉडिफाइड साइलेंसर लगाने, दोपहिया पर तीन सवारी, मालवाहक वाहनों में सवारियां बैठाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के इस्तेमाल और हूटर/प्रेशर हॉर्न के दुरुपयोग जैसे मामलों में चालान काटे।
इस दौरान कुल 203 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ₹4,54,200 का ऑनलाइन शमन शुल्क अधिरोपित किया गया। वहीं, मॉडिफाइड साइलेंसर लगे 5 बुलेट मोटरसाइकिलों को सीज किया गया।
पुलिस का कहना है कि यह अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों की अनदेखी करने वालों पर इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने तथा सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने की अपील की है।