Sunday, April 19, 2026

KASGANJ NEWS पटियाली के फैसल नबी बने डॉक्टर, दादा का सपना किया साकार; MBBS डिग्री लेते ही भावुक हुआ परिवार

लेखक: Guddu Yadav | Category: उत्तर प्रदेश | Published: April 4, 2026

KASGANJ NEWS पटियाली के फैसल नबी बने डॉक्टर, दादा का सपना किया साकार; MBBS डिग्री लेते ही भावुक हुआ परिवार

जागरण टुडे, राहुल गुप्ता पटियाली।


कस्बे के मोहल्ला मुल्लाटोला निवासी डॉ. फैसल नबी ने अपनी मेहनत, लगन और समर्पण के बल पर वह मुकाम हासिल कर लिया, जिसका सपना उनके दिवंगत दादा हाजी गुलाम नबी ने देखा था। फैसल ने MBBS की पढ़ाई पूरी कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

गुरुवार, 2 अप्रैल 2026 को आगरा स्थित एफएस मेडिकल कॉलेज में आयोजित भव्य ग्रेजुएशन समारोह में फैसल नबी को MBBS की डिग्री प्रदान की गई। यह पल उनके जीवन का सबसे महत्वपूर्ण और भावुक क्षण बन गया। समारोह के दौरान एक बेहद भावुक दृश्य तब देखने को मिला, जब फैसल ने अपनी ग्रेजुएशन टोपी और डिग्री अपने पिता इस्लाम नबी को समर्पित कर दी। बेटे की इस उपलब्धि को देखकर पिता की आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े और वहां मौजूद सभी लोग भावुक हो उठे।



परिजनों ने बताया कि फैसल के दादा हाजी गुलाम नबी का सपना था कि उनका पोता डॉक्टर बने और समाज की सेवा करे। आज जब फैसल ने यह मुकाम हासिल कर लिया है, तो पूरा परिवार गर्व और भावनाओं से भर गया है। परिवार के लोगों ने कहा कि अगर दादा आज जीवित होते, तो यह पल उनके लिए सबसे बड़ी खुशी का होता।

डॉ. फैसल नबी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और दादा के सपनों को दिया। उन्होंने कहा कि उनके दादा हमेशा उन्हें प्रेरित करते थे कि डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करें और पैसे को कभी प्राथमिकता न दें। फैसल ने यह भी कहा कि वह अपने दादा के इस संदेश को जीवनभर निभाने का प्रयास करेंगे।

उन्होंने आगे बताया कि उनका अगला लक्ष्य MD की पढ़ाई करना है, जिसके लिए वह तैयारी शुरू कर चुके हैं। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है।

शनिवार को उनके पटियाली स्थित आवास पर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। मोहल्ले और क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उन्हें शुभकामनाएं देने पहुंचे और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.