इंडियन जर्नलिस्ट यूनियन (आईजेयू) की विजयवाड़ा में आयोजित 11वीं प्लेनरी बैठक में उत्तर प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार यूनियन, मथुरा इकाई के जिलाध्यक्ष नरेन्द्र भारद्वाज को राष्ट्रीय सचिव पद पर निर्वाचित किया गया है। उनके इस चयन से प्रदेश समेत मथुरा जनपद के पत्रकारों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में आयोजित तीन दिवसीय प्लेनरी सत्र का उद्घाटन प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने किया। इस दौरान देशभर के 27 राज्यों से जुड़े पत्रकारों ने सम्मेलन में भाग लेकर संगठनात्मक मजबूती और पत्रकार हितों से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श किया।
चुनाव अधिकारी वरिष्ठ पत्रकार एम ए मजीद ने चुनाव परिणामों की घोषणा करते हुए नई केंद्रीय कमेटी के पदाधिकारियों को उनके दायित्वों से अवगत कराया। इसी क्रम में नरेन्द्र भारद्वाज को राष्ट्रीय सचिव की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई।
उनके निर्वाचित होने पर मथुरा और आसपास के क्षेत्रों के पत्रकारों ने हर्ष व्यक्त किया। साथियों ने कहा कि नरेन्द्र भारद्वाज हमेशा पत्रकारों के हितों के लिए संघर्षरत रहे हैं। उन्होंने न केवल पत्रकारों की समस्याओं को मजबूती से उठाया, बल्कि संगठन को मजबूत करने और पत्रकारों को एकजुट रखने में भी अहम भूमिका निभाई है।
उत्तर प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष रमेश शंकर पांडेय ने कहा कि नरेन्द्र भारद्वाज के राष्ट्रीय सचिव चुने जाने से प्रदेश और मथुरा के पत्रकारों को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत प्रतिनिधित्व मिलेगा। यह उपलब्धि जिले के लिए गर्व का विषय है।
सम्मेलन में शाहजहांपुर से रविन्द्र सिंह, मथुरा से जिला महासचिव रमेश चंद, वरिष्ठ पत्रकार अजय शर्मा, मोहन मीना, बी.एल. पांडेय और आबिद सहित कई पत्रकारों ने भागीदारी की।
यह भी पढ़ें: बरेली के लाइंस चेरिटेबल ब्लड सेंटर समेत सात ब्लड बैंकों पर लगी रोक