जागरण टुडे, कासगंज। जनपद के थाना सिकंदरपुर वैश्य क्षेत्र अंतर्गत कादरगंज गंगा घाट पर डूबे युवक का शव घटना के पांच दिन बाद बरामद होने से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक की पहचान पटियाली कस्बा के मोहल्ला सराफा निवासी 18 वर्षीय सत्यम पुत्र रामप्रकाश के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सत्यम 30 मार्च 2026 को अपने साथियों के साथ कादरगंज स्थित गंगा घाट पर स्नान करने गया था। नहाते समय अचानक वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया, जबकि उसके अन्य साथी सुरक्षित बाहर निकल आए। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और बेटे को तलाशते हुए बिलखते रहे।
सूचना पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम ने युवक की तलाश के लिए लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन कई दिनों तक कोई सफलता नहीं मिल सकी।
शुक्रवार को घटना के पांचवें दिन बदायूं जनपद के थाना उसहैत क्षेत्र में गंगा नदी में एक शव उतराता हुआ दिखाई दिया। पशु चारवाहों द्वारा सूचना देने पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर शिनाख्त कराई, जिसमें उसकी पहचान सत्यम के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार शव का पोस्टमार्टम बदायूं में कराया जाएगा। इकलौते बेटे की मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।