बदायूं जिले के मूसाझाग थाना क्षेत्र के ग्राम कमालपुर के रहने वाले अर्जुन सिंह यादव ने पीसीएस परीक्षा में 120वीं रैंक हासिल कर अपने परिवार, गांव और पूरे जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस बड़ी सफलता के बाद जब वह अपने पैतृक गांव पहुंचे, तो उनका भव्य स्वागत किया गया। सखानूं कस्बे से लेकर गांव कमालपुर तक बैंड-बाजों के साथ जुलूस निकाला गया और जगह-जगह लोगों ने फूल-मालाओं व पुष्प वर्षा कर उनका अभिनंदन किया।
गांव पहुंचने पर अर्जुन सिंह के घर एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में ग्रामीण और आसपास के क्षेत्र के लोग शामिल हुए। इस दौरान पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए उनकी सफलता पर गर्व जताया।
अर्जुन सिंह ने इस अवसर पर युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षा ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है। उन्होंने कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्ची हो, तो कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान दें, ताकि वे भविष्य में समाज और देश के लिए कुछ बेहतर कर सकें।
उन्होंने बताया कि पीसीएस परीक्षा पास करने के बाद उनकी नियुक्ति तहसीलदार के पद पर होगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे अपने पद पर रहते हुए ईमानदारी, निष्पक्षता और लगन के साथ काम करेंगे, खासकर गरीब और जरूरतमंद लोगों की मदद को प्राथमिकता देंगे।
अर्जुन सिंह की शैक्षिक यात्रा भी प्रेरणादायक रही है। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गांव के प्राथमिक विद्यालय से पूरी की। इसके बाद इंटरमीडिएट की पढ़ाई नवोदय विद्यालय, बबराला से की और स्नातक (बीए) की डिग्री राजकीय कॉलेज, बदायूं से प्राप्त की। उच्च लक्ष्य को पाने के लिए वे लखनऊ चले गए, जहां गोमती नगर स्थित भागीदारी भवन में रहकर उन्होंने कड़ी मेहनत और समर्पण के साथ पीसीएस परीक्षा की तैयारी की।
महज 22–23 वर्ष की आयु में हासिल की गई यह सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए एक प्रेरणा बन गई है। इस खुशी के मौके पर गांव में आए लोगों के लिए जलपान की भी व्यवस्था की गई। अर्जुन सिंह की इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया कि मेहनत, लगन और सही दिशा में प्रयास करने से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है।