शासन के निर्देशों के क्रम में जनपद मथुरा में गुरुवार को ‘स्कूल चलो अभियान 2026-27’ का शुभारंभ किया गया। पाञ्चजन्य प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष किशन सिंह चौधरी, बल्देव विधायक पूरन प्रकाश, मांट विधायक राजेश चौधरी और मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर और मशाल जलाकर स्कूल चलो अभियान रैली को रवाना किया। रैली का उद्देश्य अधिक से अधिक बच्चों को विद्यालयों में नामांकित कराना और शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
इस अवसर पर नवप्रवेशी बच्चों का विशेष स्वागत किया गया। बच्चों को रोली और चंदन से तिलक लगाकर, फूल मालाएं पहनाकर उनका उत्साहवर्धन किया गया। साथ ही 20 बच्चों को पुस्तक सेट और चॉकलेट वितरित कर शिक्षा के प्रति प्रेरित किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने विकास खंडों में अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करें और अभियान को सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, यह प्रशासन की प्राथमिकता है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रतन कीर्ति ने कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों का नामांकन परिषदीय विद्यालयों में कराएं। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा विद्यालयों में निःशुल्क पुस्तकें, यूनिफॉर्म, मध्यान्ह भोजन सहित कई सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
उन्होंने ‘ऑपरेशन कायाकल्प’ के तहत विद्यालयों में कराए गए सुधार कार्यों का भी उल्लेख किया। बताया कि 19 पैरामीटर पर स्कूलों के बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाया गया है, जिससे बच्चों को बेहतर शैक्षिक वातावरण मिल सके।