पटेल एकेडमी में स्व. गोविन्द राम जी की स्मृति में वार्षिक उत्सव,बच्चों की प्रस्तुतियों ने बांधा समां,विधायक ने गुरु महिमा और शिक्षा के महत्व पर डाला प्रकाश
बरेली जनपद के मीरगंज में संचालित पटेल एकेडमी में स्वर्गीय श्री गोविन्द राम जी की स्मृति दिवस के अवसर पर वार्षिक उत्सव बड़े ही हर्षोल्लास, श्रद्धा और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, शिक्षाविदों, अभिभावकों और विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति ने आयोजन को विशेष बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि विधायक डॉ. डी.सी. वर्मा, ब्लॉक प्रमुख श्री गोपाल कृष्ण गंगवार, श्री बृजराज सिंह राघव, विद्या विनोद दीक्षित, ममता गंगवार तथा विद्यालय के प्रबंधक ओमकार यदुवंशी द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके पश्चात छात्र-छात्राओं ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर कार्यक्रम को भक्तिमय माहौल प्रदान किया।
विद्यालय के बच्चों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। देशभक्ति गीत, नृत्य एवं नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से बच्चों ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जिसे दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ सराहा।इस अवसर पर विधायक डॉ. डी.सी. वर्मा ने स्वर्गीय श्री गोविन्द राम जी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए उनके समाज और शिक्षा के क्षेत्र में दिए गए योगदान को स्मरण किया। उन्होंने गुरु की महिमा का वर्णन करते हुए कहा कि शिक्षक ही समाज को सही दिशा देने का कार्य करते हैं और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखते हैं।
कार्यक्रम के दौरान विधायक डॉ. वर्मा और ब्लॉक प्रमुख श्री गोपाल कृष्ण गंगवार द्वारा एनटीटी उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। प्रमाण पत्र प्राप्त कर अभ्यर्थियों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। अतिथियों ने सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं भी दीं।
समारोह में गन्ना समिति मीरगंज के चेयरमैन तेजपाल फौजी, एडवोकेट भगवान सिंह गंगवार, बृजराज सिंह राघव, विद्या विनोद दीक्षित, विशाल गंगवार, यशवंत सिंह, राजू भारती, प्रदीप यदुवंशी, सचिन कुमार, एडवोकेट सतीश चन्द्र, हुकुम सिंह, आशा मैम सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रबंधक ओमकार यदुवंशी ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का सफल संचालन राजेश गंगवार एवं दीक्षा मैम द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।
पूरे आयोजन के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह, श्रद्धा और सांस्कृतिक समृद्धि का अद्भुत संगम देखने को मिला, जिसने उपस्थित सभी लोगों के मन पर गहरी छाप छोड़ी।