जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
प्रतिभा उम्र की मोहताज नहीं होती,इस कहावत को साकार कर दिखाया है,कक्षा 2 के छात्र उपदेश कुमार ने। जनपद के पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय अल्हैपुर, ब्लांक गंजडुंडवारा में पढ़ने वाले इस नन्हे छात्र ने कुछ ही मिनटों में उत्तर प्रदेश के सभी जनपदों के नाम सुना कर सभी को आश्चर्यचकित कर दिया।
विद्यालय में आयोजित एक गतिविधि के दौरान जब बच्चों की सामान्य ज्ञान क्षमता को परखा जा रहा था, तभी उपदेश कुमार ने आत्मविश्वास के साथ खड़े होकर एक-एक कर प्रदेश के सभी जिलों के नाम बिना रुके सुना दिए। उसकी इस अद्भुत प्रस्तुति को देखकर शिक्षक, अभिभावक और अन्य छात्र दंग रह गए।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक पुष्पेंद्र सिंह कुशवाहा ने छात्र की सराहना करते हुए कहा कि इतनी छोटी उम्र में इतनी शानदार स्मरण शक्ति होना बेहद गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि उपदेश जैसे छात्र विद्यालय की पहचान बनते हैं और अन्य बच्चों के लिए प्रेरणा स्रोत हैं।
शिक्षकों ने बताया कि उपदेश शुरू से ही पढ़ाई में तेज है और सामान्य ज्ञान में विशेष रुचि रखता है। वह नियमित रूप से मानचित्र, पुस्तकें और सामान्य ज्ञान की सामग्री पढ़ता है, जिसका परिणाम आज सभी के सामने है।
नन्हे उपदेश कुमार की यह उपलब्धि क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना कर रहे हैं।