वाहन को ओवरटेक करते समय अनियंत्रित हुई अर्टिगा कार
संभल। जिले के धनारी थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा मुरादाबाद-आगरा नेशनल हाईवे पर उधरनपुर गांव के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार कार और टेंपो की आमने-सामने टक्कर ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टेंपो में करीब एक दर्जन सवारियां थीं और वह बबराला से बहजोई की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही एक अर्टिगा कार ने दूसरे वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश की। तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सीधे टेंपो से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही चीख-पुकार मच गई।
हादसे में बहजोई क्षेत्र के पाठकपुर की मढ़ैया निवासी राजेश, रायपुर कला की रजनी और मानकपुर गांव की एक किशोरी समेत चार लोगों की जान चली गई। एक महिला की पहचान देर शाम तक नहीं हो सकी थी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भिजवाया।
घायलों में रजनी, प्रवेश, सलोनी और कुलदीप की हालत नाजुक बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है। अन्य घायलों में बहजोई निवासी शौकीन, रजनीश और कार सवार प्रियांशु व कृपाल शामिल हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य तेज कराया। क्षेत्राधिकारी डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि दुर्घटना की सही वजह सामने आ सके।
पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता का भरोसा दिया गया है।