भरी पंचायत में सास और साले की चाकू से गोदकर हत्या करने और पत्नी को घायल करने के आरोपी को पुलिस ने घटना के 18 घंटे में ही मंगलवार सुबह मुठभेड़ में ढेर कर दिया। आरोपी की तरफ से की गई फायरिंग में दो सिपाही घायल हो गए। घायल सिपाहियों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी के पास से पिस्टल और हत्या में प्रयुक्त किया गया चाकू बरामद हुआ।
इज्जनगर थाना क्षेत्र के गांव रहपुरा चौधरी में सोमवार को पारिवारिक विवाद को निपटाने के लिए चल रही पंचायत के दौरान एंबुलेंस चालक अफसर खां ने सोमवार को सास आसमां, साले आदिल और पत्नी सायमा पर चाकू से हमला कर दिया। इससे आसमां और उनके बेटे आदिल की मौत हो गई थी, जबकि हमलावर की पत्नी सायमा गंभीर रूप से घायल हो गई। उसका एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था।
एसएसपी अनुराग आर्य ने आरोपी को तलाश में पुलिस की तीन टीमें लगाई थीं। पुलिस ने मंगलवार सुबह करीब 5: 45 बजे इज्जतनगर इलाके में सहारा मैदान में आरोपी अफसर की घेराबंदी कर ली। तभी आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी को गोली लगी। उसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस को मौके पर एक पिस्टल, हत्या में प्रयुक्त चाकू 10 खोखा बरामद हुए हैं। मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से दो सिपाही घायल हुए हैं। घायल सिपाहयों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हत्यारोपी अफसर के मुठभेड़ में मारे जाने की सूचना मिलते ही एसएसपी अनुराग आर्य व अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर जा पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली।
पत्नी की हत्या के इरादे से फिर गांव पहुंचा था अफसर
हत्यारोपी अफसर रात में ही फिर गांव पहुंच गया और तमंचा लहराता रहा। उसका इरादा पत्नी की हत्या करना था। पुलिस अफसरों को जानकारी हुई तो आनन-फानन गांव और अस्पताल में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया। इसके साथ ही आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस टीमें सक्रिय हुईं और घेरने में सफल रहीं।
पत्नी बोली-अल्लाह का शुक्र है, अब मेरे बच्चे सुरक्षित रहेंगे
डबल मर्डर के आरोपी अफसर की मौत की खबर पर सुनकर उसकी पत्नी सायमा ने खुशी जताई। कहा- अल्लाह का शुक्र है, अब मेरे बच्चे सुरक्षित रहेंगे। उसने अल्लाह का शुक्रिया अदा किया। सायमा का कहना है कि अफसर जल्लाद था। उसकी मौत से उसे कोई फर्क नहीं पड़ता। उसने एनकाउंटर करने वाली पुलिस का शुक्रिया भी अदा किया।
पति के हमले में घायल सायमा का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। सायमा के मुताबिक पति उसके और बच्चों के साथ आए दिन मारपीट करता था। मंगलवार को जब सायमा को पति के एनकाउंटर में मारे जाने की खबर मिली तो उसने कहा कि अल्लाह का शुक्र है कि वह मर गया। वह आए दिन बच्चों और उसे गर्दन पर चाकू रखकर मारने की धमकी देता था। वह मर गया तो अब उसके बच्चे सुरक्षित रहेंगे। हालांकि अस्पताल में सायमा की हालत नाजुक बनी हुई है। उसके सीने और पेट में गहरे घाव हैं। डाक्टरों की टीम उसकी निगरानी में लगी है।
18 घंटे में ढेर हुआ हत्यारोपी अफसर
इज्जतनगर थाना क्षेत्र के रहपुरा चौधरी गांव में पंचायत में अफसर खां ने चाकू से गोदकर अपनी सास और साले की बेरहमी से हत्या कर दी थी। घटना के बाद वह मौके से भाग गया था। वारदात के केवल 18 घंटे बाद हत्यारोपी अफसर का खेल खत्म हो गया। एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि पुलिस की तीन टीमें आरोपी की तलाश में जुटी थी। मंगलवार सुबह करीब छह बजे इज्जतनगर इलाके के सहारा मैदान में पुलिस ने आरोपी की घेराबंदी की। इस पर आरोपी ने पिस्टल से पुलिस टीम पर लगाकर फायरिंग की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी को गोलियां लगी। उसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
अफसर ने पुलिस पर की 10 राउंड फायरिंग
एसएसपी के मुताबिक आरोपी अफसर खां के पास से एक पिस्टल और हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद हुआ है। बताते हैं कि हत्यारोपी अफसर ने पुलिस पर 10 राउंड फायरिंग की। एनकाउंटर के बाद मौके पर 10 खोखे और कारतूस बरामद हुए। मुठभेड़ में दो सिपाही भी घायल हुए हैं। घायल सिपाहियों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस की जीप और इज्जतनगर इंस्पेक्टर की बुलेटप्रूफ जैकेट पर गोली के निशान हैं।
घर से एक साथ उठा मां-बेटा का जनाजा
आरोपी अफसर ने सोमवार दोपहर भरी पंचायत में खूनी खेल खेला था। उसने चाकू से गोदकर अपनी सास आसमां और साले आदिल की बेरहमी से हत्या कर दी थी। मंगलवार को पोस्टमार्टम होने के बाद जब आदिल और उसकी मां आसमां का जनाजा गांव पहुंचा तो गांव में मातम छा गया। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस फोर्स को भी तैनात किया गया था। मां बेटे के एक साथ जनाजे उठने पर हर किसी की आंखे नम हो गई। मां बेटे को गांव के ही कब्रिस्तान में गमगमीन महौल में सुपुर्द ए खाक कर दिया।
पांच महीने में दूसरा एनकाउंटर
बरेली पुलिस ने पांच महीने में दूसरा फुल एनकाउंटर करके अपराधियों को सख्त चेतावनी दी है। इससे पहले 9 अक्टूबर 2025 को पुलिस ने 1 लाख के इनामी कुख्यात डकैत इफ्तेखार उर्फ शैतान को नैनीताल हाईवे पर बिलवा पुल के पास एनकाउंटर में ढेर किया था। कासगंज निवासी शैतान पर 7 जिलों में हत्या व लूट के 19 मुकदमे दर्ज थे ,और वह 2012 से फरार था। इफ्तेखार उर्फ सोल्जर उर्फ शैतान पर 1 लाख का इनाम घोषित था। अब पुलिस मुठभेड़ में दोहरे हत्याकांड का आरोपी अफसर मारा गया।
इज्जतनगर क्षेत्र के रहपुरा चौधरी में पारिवारिक पंचायत के दौरान अफसर ने सास और साले हत्या कर दी थी। उन्हें बचाने पर पत्नी को चाकू से हमलाकर घायल कर दिया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें लगाई गई थीं। सोमवार रात सूचना मिली कि आरोपी अवैध शस्त्र के साथ गांव में घूम रहा है, और पत्नी की हत्या का दोबारा से प्रयास कर सकता है। पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपी ने फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी मारा गया। - अनुराग आर्य, एसएसपी