जागरण टुडे, कासगंज
जनपद के पटियाली थाना क्षेत्र के नगला डालू गांव में मकान के बंटवारे को लेकर चल रहा पारिवारिक विवाद सोमवार सुबह अचानक खूनी संघर्ष में बदल गया। कहासुनी के दौरान ताऊ ने अपने ही सगे भतीजे पर लाइसेंसी बंदूक से फायर कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मकान के बंटवारे को लेकर पुराना विवाद
जानकारी के अनुसार नगला डालू गांव निवासी करीब 30 वर्षीय प्रदीप पुत्र सबल सिंह का अपने ताऊ वीर सिंह उर्फ पप्पू पुत्र चंद्रपाल सिंह से मकान के बंटवारे को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे दोनों पक्ष घर के दरवाजे पर आमने-सामने आ गए और कहासुनी शुरू हो गई।
ताऊ ने लाइसेंसी बंदूक से कर दिया फायर
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कहासुनी अचानक उग्र हो गई। आरोप है कि इसी दौरान वीर सिंह ने अपनी दो नली वाली लाइसेंसी बंदूक निकालकर भतीजे प्रदीप पर फायर कर दिया। गोली प्रदीप के बाएं पैर में लगी और वह मौके पर ही लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई।
घायल को हायर सेंटर किया रेफर
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायल को तुरंत पटियाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
घटना के बाद का एक वीडियो सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुपों पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में आरोपी बंदूक लेकर जाते हुए दिखाई दे रहा है, जिससे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
पुलिस कर रही मामले की जांच
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रेमपाल सिंह ने बताया कि इस संबंध में तहरीर प्राप्त हो गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य बताई जा रही है।