जागरण टुडे, कासगंज(उदित विजयवर्गीय)
जनपद में पदभार ग्रहण करने के बाद पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश सिंह एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। रविवार देर रात उन्होंने विभिन्न थाना क्षेत्रों, पुलिस चौकियों तथा जनपद की सीमाओं का सघन भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को कड़े निर्देश दिए।
भ्रमण के दौरान एसपी ने थाना परिसरों और पुलिस चौकियों का निरीक्षण करते हुए पुलिस बल की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी और किसी भी आपराधिक गतिविधि को सख्ती से नियंत्रित किया जाएगा।
एसपी ओमप्रकाश सिंह ने थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित पैदल गश्त बढ़ाई जाए, संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की सघन चेकिंग की जाए तथा असामाजिक तत्वों पर लगातार निगरानी रखी जाए। इसके साथ ही उन्होंने जनता से संवाद बढ़ाने और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनकर समयबद्ध व निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि जनपद में अपराध करने वालों के लिए कोई स्थान नहीं है। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले तत्वों के खिलाफ कठोर और निर्णायक कार्रवाई की जाएगी। पुलिसिंग में किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
एसपी के इस रात्रिकालीन निरीक्षण और सख्त निर्देशों से पुलिस महकमे में सक्रियता बढ़ी है। साथ ही आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत होने के साथ यह संदेश भी गया है कि जनपद में कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क और सख्त है।