उझानी/सालारपुर भारतीय जनता पार्टी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान-2026 के अंतर्गत जनपद बदायूं के विभिन्न मंडलों में प्रशिक्षण वर्गों का आयोजन शुरू हो गया है। इसी क्रम में उझानी नगर मंडल और सलारपुर मंडल में प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किए गए, जिनमें पार्टी कार्यकर्ताओं को संगठन की विचारधारा, इतिहास और कार्यपद्धति के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
उझानी नगर मंडल का प्रशिक्षण वर्ग भगवान दास पैलेस, उझानी में आयोजित किया गया, जिसका उद्घाटन भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने दीप प्रज्वलित कर किया। वहीं सलारपुर मंडल का प्रशिक्षण वर्ग कुंवरगांव स्थित वार्ष्णेय रिसॉर्ट में आयोजित हुआ, जिसका शुभारंभ बिल्सी विधायक हरीश शाक्य ने दीप प्रज्वलित कर किया।
प्रशिक्षण वर्ग के दौरान जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन के विस्तार में कार्यकर्ताओं की भूमिका सर्वोपरि होती है। उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंच बनाना जरूरी है। भाजपा का हर कार्यकर्ता समाज के बीच रहकर लोगों से संवाद स्थापित करता है और उन्हें पार्टी की नीतियों और विचारधारा से जोड़ने का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के सतत प्रयासों और समर्पण के कारण ही संगठन निरंतर मजबूत होता है और समाज में पार्टी के प्रति विश्वास बढ़ता है।
वहीं इतिहास एवं विकास विषय पर अपने विचार रखते हुए विधायक हरीश शाक्य ने कहा कि भाजपा का इतिहास संघर्ष, त्याग और राष्ट्र समर्पण की प्रेरणादायक गाथा है। उन्होंने कहा कि जनसंघ से प्रारंभ हुई यह यात्रा अनेक संघर्षों को पार करते हुए आज विश्व के सबसे बड़े लोकतांत्रिक दल के रूप में स्थापित हो चुकी है। संगठन की मजबूती में लाखों कार्यकर्ताओं की मेहनत और समर्पण की अहम भूमिका रही है।
प्रशिक्षण वर्ग के दौरान कार्यकर्ताओं को 24 घंटे के विशेष प्रशिक्षण के अंतर्गत सात सत्रों में विभिन्न विषयों पर जानकारी दी जा रही है। इनमें पार्टी का इतिहास एवं विकास, वैचारिक अधिष्ठान, संगठन विस्तार की दृष्टि, कार्यपद्धति, बूथ प्रबंधन, सरकार की उपलब्धियां और क्रियान्वयन जैसे विषय शामिल हैं। साथ ही सोशल मीडिया, एआई, नमो ऐप और सरल ऐप के उपयोग के माध्यम से संगठन को मजबूत करने के तरीके भी बताए जा रहे हैं।
प्रशिक्षण वर्ग में वरिष्ठ नेता राणा प्रताप सिंह और केशव चौहान ने भी विभिन्न विषयों पर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस अवसर पर सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता सहित राजीव गौड़, भारती सिंह लोधी, अजय शर्मा, सुनील चंद्र सक्सेना, अवदेश सक्सेना, राम मोहन शर्मा, नौरंग पाल, सचिन अग्रवाल, सुधीर श्रीवास्तव, अजय तोमर, विश्वजीत गुप्ता और अरविंद रावत समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।