जागरण टुडे, कासगंज।
जनपद कासगंज के पटियाली थाना क्षेत्र के कस्बा भरगैन में बीते 5 मार्च को हुए आदिल हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। थाना पटियाली पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में इस मामले में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे की सरिया और खून से सने कपड़े भी बरामद किए हैं। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, भरगैन निवासी गुलजार नवी पुत्र छोटे खां ने कोतवाली में दर्ज कराई गई रिपोर्ट में बताया कि उसका बड़ा भाई आदिल मजदूरी करता था। वह अक्सर महिदपुर रोड स्थित एक ईंट भट्टे पर काम करने वाले जावेद, मोहम्मद आजाद, रमजानी, इस्तखार और छोटे के पास आता-जाता रहता था। इन सभी के बीच आपस में दोस्ताना संबंध थे।
बताया गया कि 5 मार्च की रात को आदिल का इन लोगों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने मिलकर आदिल के साथ मारपीट कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने मामले में तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच के लिए विशेष टीमों का गठन किया। थाना पटियाली पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। इसी क्रम में 8 मार्च को पुलिस ने मोहम्मद रमजानी, मोहम्मद आजाद, छोटे, इस्तखार और जावेद निवासी मठियानी थाना ओपी छैराई, जनपद बेगूसराय (बिहार) को बल्लूपुर रेलवे स्टेशन के पास स्थित शमशुल खां के बाग से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि घटना वाली रात सभी ने शराब पी रखी थी। शराब के नशे में आपस में कहासुनी और मारपीट हो गई, जिसके दौरान आदिल गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपियों ने शव को छिपाने के लिए उसे तालाब के पास एक सूखे पेड़ के तने से बांध दिया तथा अपने खून से सने कपड़ों को ईंट भट्टे के पास पड़ी रबिश में दबा दिया था।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे की सरिया और खून से सने कपड़े बरामद कर लिए हैं। फिलहाल पुलिस ने पांचों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।