होली के पावन अवसर पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत प्रदेशभर में गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। राजधानी लखनऊ स्थित लोक भवन से माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश के 1.86 करोड़ उज्ज्वला परिवारों को कुल 1500 करोड़ रुपये की धनराशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की।
जनपद बदायूं में यह कार्यक्रम डायट परिसर स्थित ऑडिटोरियम में आयोजित हुआ, जहां उज्ज्वला लाभार्थियों को निःशुल्क सिलेंडर रिफिल सब्सिडी के प्रतीकात्मक चेक वितरित किए गए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश की राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) माध्यमिक शिक्षा श्रीमती गुलाब देवी उपस्थित रहीं। उनके साथ जिला पंचायत अध्यक्ष वर्षा यादव, विधान परिषद सदस्य शारदेन्दु पाठक, जिलाधिकारी अवनीश राय सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें - एसआई परीक्षा केन्द्रों का डीएम अवनीश राय ने किया निरीक्षण
जिले के 4,27,000 उज्ज्वला कनेक्शनधारकों को प्रति कनेक्शन 552 रुपये 50 पैसे की दर से कुल 23 करोड़ 59 लाख 17 हजार 500 रुपये की सब्सिडी उनके बैंक खातों में अंतरित की गई। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री का वर्चुअल संबोधन सुना। इसके उपरांत मंचासीन अतिथियों ने 10 चयनित लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक प्रदान किए।
मुख्य अतिथि श्रीमती गुलाब देवी ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना ने विशेषकर ग्रामीण महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। पहले खाना बनाते समय धुएं के कारण महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ता था, लेकिन गैस कनेक्शन मिलने से उन्हें इस समस्या से राहत मिली है। उन्होंने कहा कि सब्सिडी की यह राशि परिवार की अन्य आवश्यकताओं की पूर्ति में सहायक सिद्ध होगी।
इसे भी पढ़ें - बीएल वर्मा व गुलाब देवी ने विकास कार्यों की समीक्षा
मंत्री ने प्रदेश सरकार द्वारा संचालित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं—निःशुल्क खाद्यान्न वितरण, प्रधानमंत्री आवास योजना और सामूहिक विवाह योजना—की भी जानकारी दी। उज्ज्वला लाभार्थियों से अपील की गई कि वे दो माह के भीतर सिलेंडर रिफिल अवश्य कराएं, ताकि निर्धारित सब्सिडी की धनराशि उनके खातों में समय से अंतरित की जा सके।
इसे भी पढ़ें - बदायूँ में होली-रमजान पर शांति का संदेश, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
कार्यक्रम के अंत में जिला पूर्ति अधिकारी ने सभी अतिथियों, अधिकारियों और लगभग 600 उपस्थित लाभार्थियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), अपर पुलिस अधीक्षक (नगर), नगर मजिस्ट्रेट, आपूर्ति विभाग एवं ऑयल कंपनियों के अधिकारी तथा गैस एजेंसी संचालक उपस्थित रहे।