Tuesday, March 31, 2026

KASGANJ NEWS ढोलना में दर्दनाक हादसा: चलती स्कूल बस से गिरी सात वर्षीय छात्रा, पहिए के नीचे आने से मौत; चालक फरार

लेखक: Guddu Yadav | Category: उत्तर प्रदेश | Published: February 28, 2026

KASGANJ NEWS ढोलना में दर्दनाक हादसा: चलती स्कूल बस से गिरी सात वर्षीय छात्रा, पहिए के नीचे आने से मौत; चालक फरार


जागरण टुडे, कासगंज

जनपद कासगंज के ढोलना थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में सात वर्षीय मासूम छात्रा की जान चली गई। कक्षा पहली में पढ़ने वाली छात्रा चलती स्कूल बस से नीचे गिर गई और बस के पिछले पहिए के नीचे आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक बस समेत शव को थाने ले गया, लेकिन बाद में वह फरार हो गया। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार जनपद अलीगढ़ के गंगीरी थाना क्षेत्र की निवासी रवि की सात वर्षीय पुत्री अनन्या, ढोलना थाना क्षेत्र के गांव भूढ़िया स्थित माउंट देव इंटरनेशनल विद्यालय में कक्षा पहली की छात्रा थी। शनिवार दोपहर लगभग तीन बजे वह विद्यालय की बस से घर लौट रही थी। बताया जाता है कि ढोलना थाना क्षेत्र के गंगीरी मार्ग स्थित नगला साधु के समीप बस के पिछले हिस्से की ऊपरी शीट टूटी हुई थी। इसी दौरान अनन्या असंतुलित होकर बस से नीचे गिर गई और पिछले पहिए की चपेट में आ गई।

हादसे के बाद चालक बच्ची के शव को बस में रखकर गंगीरी थाने पहुंचा। वहां से सूचना मिलने पर ढोलना थाना पुलिस को अवगत कराया गया और शव को उनके सुपुर्द किया गया। मृतका के चाचा पुष्पेंद्र ने बताया कि अनन्या का नौ वर्षीय भाई गोलू है। माता देवकी और पिता गांव मलसई में सीएससी केंद्र संचालित करते हैं। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

ढोलना थाना प्रभारी गोविंद भल्लभ शर्मा ने बताया कि स्कूल बस को कब्जे में ले लिया गया है। चालक फरार है और उसकी तलाश की जा रही है। परिजनों की ओर से अभी तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है और विद्यालय प्रशासन की लापरवाही पर सवाल उठ रहे हैं।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.