जागरण टुडे, कासगंज
जनपद में पहचान छिपाकर सोशल मीडिया पर दोस्ती करने और फिर दुष्कर्म किए जाने का सनसनीखेज मामला तूल पकड़ता जा रहा है। मुख्य आरोपी को जेल भेजे जाने के बावजूद अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज़ पीड़ित युवती अपनी मां के साथ बुधवार को डीआईजी से मिली और न्याय की गुहार लगाई।
पीड़िता के अनुसार घटना करीब एक पखवाड़ा पुरानी है। उसकी इंस्टाग्राम आईडी पर ‘राजीव’ नाम से एक युवक से दोस्ती हुई। बातचीत के बाद जब वह उससे मिलने पहुंची तो युवक की असली पहचान ‘आबिद खान’ के रूप में सामने आई। युवती ने इस पर आपत्ति जताई और आगे किसी तरह का संबंध रखने से इन्कार कर दिया। आरोप है कि इसी के बाद उसके साथ दुष्कर्म किया गया। पीड़िता का यह भी आरोप है कि घटना में कुछ अन्य लोग भी शामिल थे, जिन्होंने उसके साथ दुष्कर्म किया।
मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, लेकिन अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी अब तक नहीं हो सकी है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि पुलिस कुछ प्रभावशाली लोगों को बचाने का प्रयास कर रही है, जिनमें एक भट्ठा संचालक भी शामिल है।
न्याय की मांग को लेकर पीड़िता और उसकी मां ने हाल ही में लखनऊ में मुख्यमंत्री से भी मुलाकात की थी। इसके बाद वे अलीगढ रेंज के डीआईजी प्रभाकर चौधरी से मिलीं। डीआईजी ने पूरे प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए जांच में तेजी लाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
मीडिया से बातचीत में पीड़िता की मां ने भावुक होकर कहा कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला तो वे आत्मदाह जैसे कठोर कदम उठाने को मजबूर होंगी। इस बयान के बाद प्रशासनिक हलकों में भी हलचल मच गई है।
अब निगाहें पुलिस की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं,क्या बाकी आरोपी जल्द सलाखों के पीछे होंगे, या यह मामला भी फाइलों में सिमटकर रह जाएगा?