बिसौली। एसडीबी पब्लिक स्कूल में श्री योग वेदांत सेवा समिति, उझानी (बदायूं) के तत्वावधान में मातृ-पितृ दिवस अत्यंत श्रद्धा, सम्मान और भव्यता के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में समिति के प्रमुख सदस्य राजेश आहूजा, गीता बब्बर, रीना यादव तथा आश्रम संचालक चुन्नी लाल की गरिमामयी उपस्थिति रही। विद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी यशपाल सिंह परमार के सहयोग से आयोजन सुव्यवस्थित और प्रभावशाली रहा। पूरा परिसर भारतीय संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और संस्कारों की भावना से ओत-प्रोत दिखाई दिया।
विद्यालय के निदेशक अखिलेश वार्ष्णेय ने सभी अतिथियों और अभिभावकों को मातृ-पितृ दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए समिति के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों के चरित्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और अगले वर्ष इसे और अधिक व्यापक स्तर पर आयोजित करने का संकल्प दोहराया।
कक्षा 2 से 5 तक के विद्यार्थियों ने विधि-विधान के साथ अपने माता-पिता का पूजन किया। बच्चों ने तिलक लगाकर पुष्प अर्पित किए, दीप प्रज्ज्वलित कर आरती उतारी, मिठाई खिलाई और परिक्रमा कर चरण स्पर्श कर आशीर्वाद प्राप्त किया। साथ ही जीवनभर आज्ञाकारी और संस्कारी बने रहने का संकल्प लिया। यह भावनात्मक दृश्य देख माता-पिता भी भावुक हो उठे। उन्होंने बच्चों को गले लगाया, स्नेह दिया और उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद दिया।
कार्यक्रम में उप प्रधानाचार्या शारदा बावेजा, समन्वयक श्वेता शर्मा, अध्यापिकाएँ पूजा सिंह, गायत्री मिश्रा, प्रिया सिंह, अनमोल सिंह सहित समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे। अंत में निदेशक ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए बच्चों को सदैव सत्य मार्ग पर चलने, उच्च चरित्र निर्माण करने तथा माता-पिता और गुरुजनों के आदर्शों का अनुसरण करने की प्रेरणा दी।