बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री एवं मथुरा प्रभारी संदीप सिंह ने शनिवार को होटल माधव मुस्कान रेजिडेंसी में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान कहा कि इस बार का बजट देश के सर्वांगीण विकास का रोडमैप है। यह बजट आर्थिक मजबूती के साथ-साथ सामाजिक संतुलन को भी साधने वाला है। उन्होंने कहा कि इस बजट में गरीब, किसान, महिला, युवा और मध्यम वर्ग सभी के हितों को समान रूप से समाहित किया गया है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे मूलभूत क्षेत्रों पर सरकार का विशेष फोकस बजट में स्पष्ट रूप से दिखाई देता है। शिक्षा ढांचे के विस्तार एवं गुणवत्ता सुधार के लिए किए गए प्रावधान भविष्य की पीढ़ी को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।प्रभारी संदीप सिंह ने बताया कि बुनियादी ढांचे के विकास के लिए किए गए बजटीय प्रावधानों से सड़क, रेल और शहरी सुविधाओं का व्यापक विस्तार होगा। इससे न केवल रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे, बल्कि आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति मिलेगी।
किसानों के संदर्भ में उन्होंने कहा कि बजट में की गई घोषणाएं कृषि क्षेत्र को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अहम कदम हैं। आधुनिक तकनीक, सिंचाई योजनाओं और भंडारण सुविधाओं के विस्तार से किसानों की आय में वृद्धि सुनिश्चित होगी। महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए राज्य मंत्री ने कहा कि बजट में महिलाओं के लिए स्वरोजगार, कौशल विकास और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं को प्राथमिकता दी गई है, जिससे महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता को मजबूती मिलेगी।
विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए श्री संदीप सिंह ने कहा कि बजट पर अनावश्यक सवाल उठाने वाले लोग देश के विकास की वास्तविक तस्वीर से मुंह मोड़ रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने सदैव जनहित और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा है।
मथुरा-वृंदावन नगर निगम के महापौर विनोद अग्रवाल ने कहा कि बजट में शहरी विकास, स्वच्छता, आवास और बुनियादी सुविधाओं के लिए किए गए प्रावधान नगर निकायों को और सशक्त बनाएंगे। इससे शहरों में बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर, स्मार्ट सुविधाएं और नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने केंद्र सरकार को जनकल्याणकारी बजट प्रस्तुत करने के लिए बधाई दी।
भाजपा महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव ने कहा कि केंद्र का बजट मथुरा सहित देशभर के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों के संतुलित विकास को सुनिश्चित करता है। इसमें युवाओं के लिए रोजगार, स्टार्टअप और कौशल विकास के लिए किए गए प्रावधान भविष्य को नई दिशा देंगे। उन्होंने कहा कि यह बजट मध्यम वर्ग को राहत देने के साथ-साथ देश की अर्थव्यवस्था को और मजबूत करेगा।
जिलाध्यक्ष निर्भय पांडे ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट विकसित भारत के संकल्प को साकार करने वाला है। यह बजट आमजन के जीवन स्तर को ऊँचा उठाने और देश को आत्मनिर्भर बनाने की मजबूत नींव रखता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है और यह बजट उसी विजन को आगे बढ़ाने वाला है।
प्रेसवार्ता के दौरान महापौर विनोद अग्रवाल जिलाध्यक्ष निर्भय पांडे, जिला महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव, पूर्व महानगर अध्यक्ष चेतन स्वरूप पाराशर, जिला सहकारी बैंक चेयरमैन निरंजन सिंह धनगर, उपाध्यक्ष मंत्री कुंज बिहारी चतुर्वेदी, चंद्रपाल कुंतल, ज्ञानेंद्र राणा, संजय शर्मा, अंकुर अग्रवाल, जिला मीडिया प्रभारी श्याम चतुर्वेदी, महानगर मीडिया प्रभारी श्याम शर्मा, रामकिशन पाठक, सत्यपाल चौधरी, अनिल चौधरी, विनीत शर्मा, पार्षद विजय शर्मा, नितिन चतुर्वेदी, ललित गौतम, मनोज सौनोठ हरिओम शर्मा एड. आदि मौजूद रहे।