बहेड़ी।तहसील बहेड़ी क्षेत्र के ग्राम गुरसौली स्थित बी.ए.वी. एकेडमी में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास, गरिमा और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगान के साथ हुई, जिसके पश्चात मुख्य अतिथि प्रधान प्रतिनिधि चंद्रपाल गंगवार ने तिरंगा फहराकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। ध्वजारोहण के दौरान उपस्थित जनसमूह ने भारत माता की जय के नारों के साथ संविधान और लोकतंत्र के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।
इस अवसर पर वक्ताओं ने 26 जनवरी 1950 के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इसी दिन देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने 21 तोपों की सलामी के साथ ध्वजारोहण कर भारत को पूर्ण गणतंत्र घोषित किया था। तभी से यह दिन देशभर में गणतंत्र दिवस के रूप में मनाया जाता है और राष्ट्रीय अवकाश रहता है।
विद्यालय परिसर को तिरंगे के रंगों से सजाया गया था। छात्रों द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिनमें देशभक्ति गीत, कविता पाठ और प्रेरणादायक संदेश शामिल रहे। कार्यक्रम ने उपस्थित अभिभावकों और ग्रामीणों को भावविभोर कर दिया।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक अखिलेश कुमार सक्सेना ने अपने संबोधन में कहा कि गणतंत्र दिवस हमें संविधान के मूल्यों—स्वतंत्रता, समानता और भाईचारे—को आत्मसात करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से देश के जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विद्यालय स्टाफ से वीरपाल, प्रदीप, दिव्या, दीप्ति, सविता, सपना, मंजू, दीपांशी, कल्पना और राधा उपस्थित रहीं। वहीं ग्राम के गणमान्य नागरिकों में भूपराम कश्यप, ओमप्रकाश, राकेश दिवाकर, चेतराम मौर्य, छेदलाल दिवाकर और मुन्ना लाल कश्यप की गरिमामयी उपस्थिति रही।