Tuesday, March 31, 2026

मथुरा रिफाइनरी का 45वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ संपन्न

लेखक: Jagran Today | Category: उत्तर प्रदेश | Published: January 20, 2026

मथुरा रिफाइनरी का 45वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ संपन्न

दिनेश कुमार, मथुरा

देश की प्रमुख ऊर्जा इकाइयों में शुमार मथुरा रिफाइनरी ने सोमवार 19 जनवरी को अपना 45वां रिफाइनरी दिवस पूरे उत्साह, गर्व और उल्लास के साथ मनाया। यह अवसर रिफाइनरी की चार दशकों से अधिक की गौरवशाली यात्रा और सतत उत्कृष्ट प्रदर्शन का प्रतीक बना।


रिफाइनरी दिवस के इस विशेष आयोजन में इंडियनऑयल के अध्यक्ष एएस साहनी मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने रिफाइनरी नगर स्थित नगर चौपाल में वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके बाद उन्होंने रिफाइनरी कर्मियों को उनके समर्पण, परिश्रम और उत्कृष्ट कार्य संस्कृति की सराहना की तथा भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।


रिफाइनरी परिसर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम की अगुवाई मुकुल अग्रवाल, कार्यकारी निदेशक एवं रिफाइनरी प्रमुख ने की। उन्होंने रिफाइनरी ध्वज फहराया और सभी कर्मचारियों को सेवा में समर्पण की शपथ दिलाई। इस अवसर पर रिफाइनरी के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में अनिल कुमार, सीजीएम (एचआर) ने अतिथियों का स्वागत करते हुए मथुरा रिफाइनरी की साढ़े चार दशकों की उपलब्धियों, तकनीकी सुदृढ़ता और राष्ट्र निर्माण में योगदान पर प्रकाश डाला। अध्यक्ष, इंडियनऑयल एवं निदेशक (रिफाइनरीज) के शुभकामना संदेश वी सुरेश और सुधांशु कुमार द्वारा पढ़कर सुनाए गए।

वर्ष 2025 के दौरान रिफाइनरी के प्रदर्शन, सुरक्षा मानकों, उत्पादन और नवाचारों पर इमरान अली खान, डीजीएम (टीएस) ने प्रस्तुति दी। मुकुल अग्रवाल ने सभी रिफाइनरी कर्मियों को बधाई देते हुए कहा कि मथुरा रिफाइनरी आने वाले वर्षों में भी उत्कृष्टता, सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण के नए मानक स्थापित करती रहेगी।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.