मकर संक्रांति के पावन पर्व के अवसर पर बरेली जिले के मीरगंज में संचालित राजेंद्र प्रसाद इंटर कॉलेज मार्केट में आयोजित खिचड़ी वितरण कार्यक्रम शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन भी श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। सुबह से ही समाजसेवियों द्वारा खिचड़ी वितरण का क्रम शुरू हो गया, जो देर तक चलता रहा।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया। सेवादारों द्वारा पूरे श्रद्धाभाव और सेवा भावना के साथ श्रद्धालुओं को खिचड़ी परोसी गई। आयोजन स्थल पर धार्मिक वातावरण और सामाजिक एकता का सुंदर दृश्य देखने को मिला।
समाजसेवी विजय कुमार दिवाकर ने बताया कि मकर संक्रांति पर खिचड़ी का दान करना अत्यंत पुण्यकारी माना जाता है। इससे जीवन में सुख-समृद्धि आती है और समाज व परिवार में खुशहाली बनी रहती है।
कार्यक्रम में पारस उपाध्याय, विजय दिवाकर, महेश दिवाकर (सभासद), ओम गंगवार, अभय शर्मा, चंदन राठौर, आदित्य यादव, मनोज मौर्य, देवेंद्र पाराशरी, करण पाल, प्रशांत शर्मा, डॉ. अमित गंगवार, आकाश गुप्ता सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग प्रदान किया।