महात्मा ज्योतिबा फुले रुहेलखंड विश्वविद्यालय, बरेली द्वारा आयोजित अंतर महाविद्यालयी जूडो प्रतियोगिता में राजेंद्र प्रसाद डिग्री कॉलेज, मीरगंज (बरेली) की छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए महाविद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। प्रतियोगिता में कॉलेज की छात्राओं ने अपनी मेहनत, अनुशासन और खेल कौशल का शानदार परिचय दिया।
महाविद्यालय की बी.पी.एड. प्रथम वर्ष की छात्रा कुमारी वर्षा रस्तोगी ने 78 किलोग्राम भार वर्ग में दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं, बी.ए. प्रथम सेमेस्टर की छात्रा कुमारी आंचल खान ने 63 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार मुकाबले के बाद रजत पदक हासिल कर कॉलेज की झोली में एक और उपलब्धि डाली। दोनों खिलाड़ियों के इस प्रदर्शन से कॉलेज परिसर में हर्ष का माहौल है।
इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के समस्त शिक्षकों एवं स्टाफ ने खुशी व्यक्त करते हुए छात्राओं को बधाई दी। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. एस. के. सिंह ने कहा कि छात्राओं की यह सफलता अनुशासन, नियमित अभ्यास और सकारात्मक मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में भी कॉलेज के खिलाड़ी इसी प्रकार विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर संस्थान का नाम रोशन करेंगे।
शारीरिक शिक्षा प्रभारी विजय बहादुर सिंह बिष्ट तथा टीम मैनेजर वीरेंद्र शर्मा ने भी दोनों पदक विजेता खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव सहयोग करता रहेगा। छात्राओं की इस सफलता से अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।