Tuesday, March 31, 2026

Bareilly News : परौरा में सुशासन सप्ताह के तहत ग्राम चौपाल, एसडीएम ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं

लेखक: Omkar Gangwar | Category: उत्तर प्रदेश | Published: December 25, 2025

Bareilly News : परौरा में सुशासन सप्ताह के तहत ग्राम चौपाल, एसडीएम ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं

ओमकार गंगवार,मीरगंज (बरेली)

सुशासन सप्ताह के अंतर्गत गुरुवार को जनपद बरेली के  विकास खंड मीरगंज के ग्राम परौरा में ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी मीरगंज आलोक कुमार ने की। इस दौरान ग्रामीणों की समस्याएं गंभीरता से सुनी गईं और उनके शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

ग्राम चौपाल में ग्रामीणों ने राशन वितरण, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, पेंशन सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रूप से रखीं। ग्रामीणों ने बताया कि कुछ पात्र लाभार्थियों को समय पर राशन, किसान सम्मान निधि एवं पेंशन का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इस पर उपजिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों को शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी गई। उपजिलाधिकारी ने माननीय मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना, फैमिली आईडी, फार्मर रजिस्ट्री, कन्या सुमंगला योजना, शादी अनुदान, सामूहिक विवाह योजना सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया और पात्र व्यक्तियों से इन योजनाओं का लाभ लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे, इसके लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।


ग्राम प्रधान एवं रोजगार सेवक गजेंद्र सिंह, लेखपाल अनिल कुमार सहित अन्य अधिकारियों ने भी ग्रामीणों की समस्याओं को नोट किया और समाधान का भरोसा दिलाया। चौपाल में ग्रामवासी सुरेश गंगवार, तोताराम, शाह आलम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि किसी भी समस्या या योजना से संबंधित शिकायत को समय रहते ग्राम पंचायत या संबंधित कार्यालय में दर्ज कराएं, ताकि उसका समाधान समयबद्ध तरीके से किया जा सके। ग्राम चौपाल के माध्यम से प्रशासन और जनता के बीच संवाद को और अधिक सशक्त बनाने पर जोर दिया गया।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.