जनपद बरेली के फतेहगंज पश्चिमी कस्बे के मोहल्ला ठाकुर द्वारा स्थित नखासे वाले बाग में बंदरों के झुंड के आतंक ने दहशत का माहौल बना दिया है। आए दिन हो रहे बंदरों के हमलों से स्थानीय लोगों का जीना मुहाल हो गया है। ताजा मामले में बंदरों के हमले से एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसका हाथ फ्रैक्चर हो गया।
जानकारी के अनुसार फतेहगंज पश्चिमी के मोहल्ला ठाकुर द्वारा निवासी पुष्पेंद्र सिंह की पत्नी सचि घर में खाना बनाने के बाद कपड़े सुखाने जा रही थीं। इसी दौरान अचानक बंदरों के झुंड ने उन पर हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन उन्हें तत्काल एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों द्वारा एक्स-रे कराने पर हाथ की हड्डी टूटी पाई गई। डॉक्टरों ने प्लास्टर कर आवश्यक दवाइयां दीं।
मोहल्ला ठाकुर द्वारा निवासी भाजपा नेता दीपक तोमर एवं समाज सेवी दुर्गा पाल सिंह ने बताया कि नखासे वाले बाग में कहीं से दर्जनों बंदरों का झुंड आ गया है। इन बंदरों ने अब तक कई राहगीरों और मोहल्ले के लोगों को काटकर घायल कर दिया है। हालात इतने भयावह हो चुके हैं, यहाँ तक कि स्कूल जाने वाले छोटे बच्चों को उनके परिजन मुख्य मार्ग से न ले जाकर गलियों के रास्ते स्कूल पहुंचा रहे हैं।
दुर्गा पाल सिंह ने बताया कि उनके छोटे भाई उपेंद्र सिंह की जनरल स्टोर की दुकान में बंदर घुसकर सामान उठा ले जाते हैं। इसी तरह बंदर घरों में घुसकर रोटी और अन्य खाद्य सामग्री भी ले जा रहे हैं।
बंदरों के बढ़ते आतंक से परेशान भाजपा नेता दीपक तोमर, शीलू चौहान, जगत सिंह उर्फ सनी, अखिल गोस्वामी, कैलाश, अजय रावत, अंकित सिंह, डॉक्टर मुदित प्रताप सिंह एवं जयवीर सिंह ने फतेहगंज पश्चिमी के अधिशासी अधिकारी पुष्पेंद्र राठौर और नगर पंचायत चेयरमैन इमराना बेगम को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र बंदर पकड़वाने की मांग की।
इस संबंध में अधिशासी अधिकारी पुष्पेंद्र राठौर ने जल्द ही बंदरों को पकड़वाने का आश्वासन दिया है।