जनपद बरेली के मीरगंज में संचालित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आम जनमानस के लिए अत्याधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार करते हुए स्टेमी सेंटर एवं ईसीजी सुविधा का शुभारम्भ कर दिया गया। इसके शुरू होने से ह्रदय रोगियों को समय पर जांच व उपचार मिल सकेगा और उन्हें निजी अस्पतालों या जिला अस्पतालों तक की दौड़ नहीं लगानी होगी।
चिकित्साधीक्षक डॉ वैभव राठौर ने बताया कि सीएचसी मीरगंज मेंं ह्रदय रोगियों की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए ईसीजी मशीन की सुविधा को सुदृढ़ किया गया है। पहले आम नागरिकों ईसीजी जैसी महत्वपूर्ण जांच के लिए प्राइवेट/निजी अस्पतालों में भारी भरकम फीस देनी पड़ती थी, लेकिन अब यह सेवा सीएचसी मीरगंज पर पूरी तरह से निशुल्क उपलब्ध रहेगी। इससे मरीजों को न केवल आर्थिक राहत मिलेगी, बल्कि समय की बचत भी हो सकेगी।
डॉ0 राठौर ने आगे बताया कि स्वास्थ्य केंद्र पर लगातार सुविधाओं को बढ़ाया जा रहा है। हाल ही में बीपीएचयू लैब, जन औषधि केंद्र, एनीमिया मैटरनल हेल्थ कॉर्नर सहित कई जन कल्याणकारी सेवाओं की शुरूआत की गई है, जिससे मरीजों को एक ही स्थान पर सभी आवश्यक सुविधाएं उप लब्ध हो सकेंगीं।
क्षेत्रीय नोडल अधिकारी डॉ0 अमित कुमार ने बताया कि सरकार द्वारा प्रत्येक मरीज को बेहतर से बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। स्टेमी सेंटर एवं ईसीजी सेवा का प्रारम्भ इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे ह्रदय रोग संबंधी आपात स्थितियों में त्वरित उपचार सुनिश्चित किया जा सकेगा।
इस अवसर पर डॉ0 रोहन दिवाकर, डॉ0 अनीता रानी, डॉ0 सुरेंद्र कुमार पाल, डांॅ वंशिका गंगवार, विनय पाल सिंह, संदीप कटियार, हेमलता, पुनीत सक्सेना, प्रेमपाल गौतम, धनेश्वर गिरि, साक्षी सिंह, सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मी स्टाफ मौजूद रहा।