बदायूं भारत रत्न लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर जनपद में शुक्रवार को “रन फॉर यूनिटी” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य देश की एकता, अखंडता और राष्ट्रीय एकजुटता का संदेश देना रहा। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, एनसीसी कैडेट्स, शिक्षकों और विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
“भारत माता की जय” और “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” के नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा। रन फॉर यूनिटी का शुभारंभ पुलिस लाइन मैदान से हुआ, जो भामाशाह चौराहा, इंदिरा चौक, बाबूराम मार्केट, गांधी ग्राउंड, लाबेला चौक और बस अड्डे से होकर वापस पुलिस लाइन पर समाप्त हुआ। प्रतिभागियों ने हाथों में एकता, भाईचारे और देशभक्ति से जुड़े स्लोगन लेकर दौड़ में हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और सभी को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई।
जिलाधिकारी अवनीश राय ने शपथ दिलाते हुए कहा— “मैं राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए स्वयं को समर्पित करता हूं और देशवासियों में यह संदेश फैलाने का पूरा प्रयास करूंगा।”
इस अवसर पर सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पण किया गया। चित्रकला, निबंध, भाषण और सफाई प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
एसके इंटर कॉलेज के छात्र सार्थक राज ने अपनी बांसुरी वादन प्रस्तुति से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
भाजपा बृज क्षेत्र अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य ने कहा कि सरदार पटेल ने जब देश संकट में था, तब उसे एक सूत्र में बांधने का कार्य किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा स्थापित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी उनकी अदम्य राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है।
जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता ने कहा कि सरदार पटेल ने 565 रियासतों का विलय कर भारत को अखंड रूप दिया। वहीं सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता और बिल्सी विधायक हरीश शाक्य ने कहा कि उनका जीवन प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणास्रोत है।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी अवनीश राय, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार सिंह, पूर्व पालिका अध्यक्ष दीपमाला गोयल, पूर्व जिलाध्यक्ष अशोक भारतीय, जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण, शिक्षक और सैकड़ों छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।