Thursday, April 2, 2026

KASGANJ NEWS कासगंज तहसील में तैनात एसडीएम के पेशकार की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत, आठ माह पहले हुई थी शादी

लेखक: Guddu Yadav | Category: उत्तर प्रदेश | Published: October 27, 2025

KASGANJ NEWS कासगंज तहसील में तैनात एसडीएम के पेशकार की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत, आठ माह पहले हुई थी शादी

मारहरा-पिवारी मार्ग पर अज्ञात वाहन ने मारी जोरदार टक्कर, मौके पर ही तोड़ा दम — पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, परिजनों में मचा कोहराम



जागरण टुडे, कासगंज।

एटा जनपद के मारहरा क्षेत्र में सोमवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में कासगंज तहसील में तैनात एसडीएम के पेशकार की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की शादी महज आठ माह पहले ही हुई थी।


जानकारी के मुताबिक, कासगंज जिले के थाना ढोलना क्षेत्र के निवासी 30 वर्षीय लोकेश पुत्र श्याम बाबू कासगंज तहसील में एसडीएम के पेशकार के पद पर कार्यरत थे। हाल ही में उनकी छोटी साली की मृत्यु हो जाने के कारण वे अपनी ससुराल मारहरा कस्बे के मोहल्ला मीरा की सराय में ठहरे हुए थे।


बताया गया कि सोमवार सुबह करीब 9 बजे लोकेश अपनी अपाचे बाइक से अपनी ससुराल से घर जा रहे थे,तभी मारहरा-पिवारी मार्ग पर नगला ककरेट मोड़ के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि लोकेश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि वाहन चालक हादसे के बाद फरार हो गया।


घटना की सूचना मिलते ही मारहरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की खबर फैलते ही मृतक के परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो वहां मातम और चीख-पुकार का माहौल बन गया।


परिजनों के अनुसार, लोकेश की शादी आठ माह पूर्व ही हुई थी। परिवार के लोग इस हादसे से सदमे में हैं। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया है और फरार वाहन चालक की तलाश में जुटी हुई है।


यह दर्दनाक हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर कई सवाल खड़े करता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर रफ्तार पर अंकुश लगाने के लिए स्पीड ब्रेकर और पुलिस गश्त की व्यवस्था की जाए।

No ads available.

Get In Touch

BDA COLONY HARUNAGLA, BISALPUR ROAD BAREILLY

+91 7017029201

sanjaysrivastav1972@gmail.com

Follow Us

© 2026 Jagran Today. All Rights Reserved.