जागरण टुडे,कासगंज।
जनपद कासगंज में अपराधियों पर नकेल कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सोरों कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अलग-अलग मामलों में वारंटी चल रहे छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकित शर्मा के निर्देशन में और क्षेत्राधिकारी आंचल चौहान के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी जगदीश चंद्र के नेतृत्व में की गई।
जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक के आदेश पर जनपदभर में वारंटी अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोरों कोतवाली पुलिस ने रविवार को अभियान चलाकर विभिन्न स्थानों से छह वारंटियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान हकीम पुत्र रघुवर दयाल निवासी ग्राम पहलादपुर, अनमोल पुत्र सोहनलाल निवासी ग्राम काईया नगला, ओमवीर पुत्र सुल्तान सिंह निवासी ग्राम बरोदा, दामोदर पुत्र हेतराम निवासी ग्राम बिरोची, राकेश पुत्र मदन लाल निवासी ग्राम बिरोची तथा मुकेश पुत्र बादाम सिंह निवासी ग्राम बिरोची, थाना सोरों के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि ये सभी आरोपी लंबे समय से न्यायालय द्वारा जारी वारंटों के बावजूद पेश नहीं हो रहे थे। लगातार निगरानी और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उन्हें अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया। सभी आरोपियों को आवश्यक पूछताछ और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
थाना प्रभारी जगदीश चंद्र ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार क्षेत्र में वारंटी और वांछित अपराधियों के खिलाफ सघन अभियान चलाया जा रहा है। अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी इसी प्रकार जारी रहेगी ताकि क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनी रहे।