गोपीनाथ बाजार स्थित प्राचीन श्री अग्र बिहारी महाराज मंदिर में शरद पूर्णिमा महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। भजनों की धुन और जयकारों से माहौल भक्तिमय हो गया।
शरद पूर्णिमा के मौके पर पूरे मंदिर परिसर को श्वेत वस्त्रों से सजाया गया। ठा. अग्र बिहारी महाराज को श्वेत चमकदार पोशाक धारण कराने के साथ श्वेत श्रृंगार किया गया। खीर का विशेष भोग अर्पित किया गया। वहीं भक्तों ने ठाकुर जी के दर्शन कर स्वयं को भाग्यशाली महसूस किया।
मंदिर के सेवायत दाऊदयाल शर्मा ने बताया कि आज अत्यंत पावन दिन है। आज के दिन ही भगवान श्रीकृष्ण ने महारास लीला की थी। शरद पूर्णिमा पर ठाकुर जी को विशेष प्रकार के पकवान भोग लगाए जाते हैं, जिनमें खीर का विशेष महत्व होता है। मान्यता है कि चंद्र किरणें पड़ने से खीर अमृत बन जाती है।
महोत्सव में श्याम बिहारी शर्मा, शैलेंद्र शर्मा, अंकुर शर्मा, हरिबल्लभ गुप्ता, विष्णु गुप्ता, कपिल अरोड़ा, जितेंद्र वार्ष्णेय आदि उपस्थित रहे।