जनपद शाहजहांपुर में शहर के मोहल्ला बाडूजई प्रथम में रविवार रात एक मामूली विवाद खून-खराबे में बदल गया। भतीजे ने अपने ही चाचा को घर में जगाकर गोली मार दी और तमंचा लहराते हुए मौके से फरार हो गया। घटना से परिवार में हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची।
सदर बाजार थाना क्षेत्र के मोहल्ला बाडूजई प्रथम निवासी प्रमोद कुमार सक्सेना (40) अपने भाइयों के साथ एक ही मकान में रहते थे। उनका भतीजा विवेक सक्सेना उर्फ शानू भी उसी मंजिल पर रहता था। रविवार रात करीब 11 बजे विवेक ने प्रमोद के कमरे का दरवाजा पीटा और बाहर बुलाया। जैसे ही प्रमोद बाहर आए, विवेक ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने तमंचा निकालकर चाचा के पेट में गोली मार दी।
गोली लगते ही प्रमोद जमीन पर गिर पड़े। उनकी पत्नी सीमा सक्सेना और अन्य परिजन बाहर दौड़े, लेकिन आरोपी तमंचा लहराते हुए गेट से भाग गया। परिजन घायल प्रमोद को मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पालतू कुत्ते को दफनाने को लेकर बनी रंजिश
मृतक की पत्नी सीमा सक्सेना ने बताया कि करीब 12 दिन पहले परिवार का पालतू कुत्ता मर गया था। प्रमोद ने विवेक से उसे दफनाने के लिए कहा था, लेकिन उसने मना कर दिया। इस बात पर दोनों के बीच झगड़ा हुआ था, जिससे विवेक ने रंजिश पाल ली थी और इसी वजह से उसने प्रमोद की हत्या कर दी।
पुलिस ने की घेराबंदी, आरोपी फरार
एसपी राजेश द्विवेदी, सीओ सिटी पंकज पंत और सदर बाजार इंस्पेक्टर अरविंद सिंह चौहान ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने सीमा सक्सेना की तहरीर पर आरोपी विवेक सक्सेना के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसपी ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एसओजी और थाना पुलिस की दो टीमें लगाई हैं। पुलिस ने कई जगह दबिश दी, लेकिन अभी तक आरोपी फरार है।